विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Gorakhpur-Shamli Expressway: पीलीभीत के 42 गांवों में जमीन का सर्वे पूरा, अब किसानों की झोली में गिरेंगे करोड़ों

Published: Fri, 27 Nov 2026 02:25 PM (IST)

पीलीभीत में गोरखपुर-शामली एक्सप्रेसवे के लिए 42 गांवों में जमीन चिह्नीकरण का काम पूरा हो गया है, जिसके दस्तावेज डीएम को सौंप दिए गए हैं। अब जल्द ही भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू होगी।

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. जल्द शुरू होगी अधिग्रहण की प्रक्रिया 39 गांवों से गुजरेगा हाईवे

  2. किसानों को विकास की उम्मीद के साथ मुआवजे का इंतजार

जितेंद्र गंगवार, बीसलपुर (पीलीभीत)। गोरखपुर-शामली एक्सप्रेसवे को लेकर जिले में लंबे समय से चल रही कवायद अब जमीन पर उतरने की ओर बढ़ रही है। अभी तक नक्शों और प्रस्तावों में दिखाई देने वाले एक्सप्रेसवे के लिए बीसलपुर और सदर तहसील के 42 गांवों में जमीनों का चिह्नीकरण पूरा कर लिया गया है। संबंधित अधिकारियों ने चिह्नीकरण से जुड़े दस्तावेज डीएम को सौंप दिए हैं।

अब जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी है। यानी एक्सप्रेसवे का रास्ता तय होने के बाद अब किसानों की जमीन सरकारी प्रक्रिया में शामिल होने जा रही है।

इसे लेकर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। किसानों को उम्मीद है कि एक्सप्रेसवे से उनके क्षेत्र की तस्वीर बदलेगी, लेकिन उनकी निगाहें अब जमीन के बदले मिलने वाले मुआवजे पर टिकी हैं।

पीलीभीत जिले में गोरखपुर-शामली एक्सप्रेसवे ग्रीन कारिडोर के किलोमीटर 290 से 329 तक करीब 39 किलोमीटर का सफर तय करेगा। बीसलपुर तहसील के 39 गांवों से होकर हाईवे गुजरेगा।

यह मार्ग शाहजहांपुर की पुवायां तहसील के सुहेला ररुआ क्षेत्र से पीलीभीत की ओर बढ़ेगा। इसके बाद बरेली जिले की नवाबगंज तहसील के मुड़िया मलूकपुर और नोगवां भगवंतपुर की तरफ जाएगा। नवाबगंज के भी 26 गांव इस परियोजना में शामिल किए गए हैं।

पहले मिला, फिर छूटा, अब दोबारा जुड़ा पीलीभीत

इस परियोजना में पहले पीलीभीत को शामिल किया गया था, लेकिन बाद में कुछ अड़चनों के चलते जिले का नाम इससे हट गया। इसके बाद स्थानीय स्तर पर इसे दोबारा शामिल कराने की मांग उठती रही।

जनप्रतिनिधियों ने भी शासन तक आवाज पहुंचाई। अब अधिसूचना जारी होने और चिह्नीकरण पूरा होने के बाद परियोजना को लेकर उम्मीदें फिर मजबूत हुई हैं।

लोगों को उम्मीद है कि एक्सप्रेसवे बनने से बड़े शहरों तक पहुंच आसान होगी। व्यापार, परिवहन, कृषि उत्पादों की आवाजाही और क्षेत्र में निवेश की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।

इन गांवों से गुजरेगा एक्सप्रेसवे

पीलीभीत के कटकवारा, बरखेड़ा यासीन, पुरैनिया रामगुलाम, जोगीठेर, अठकोना, महेशापुर, बिहारीपुर हीरा, विरसिंहपुर, नोगवां संतोष, ईटगांव, सुहेला, आराजी सुहेला, मुड़गवा, रामपुर अमृत, हरायपुर, दियोरिया खुर्द, नगरारता, भूड़ा, ढकरिया, मुड़िया बिलहरा, लिलहर, मीरपुर हरायपुर, बमरोली, तिलसंडा हसोआ, रुरिया, पुरैना माफी, अकबरगंज सिमरा, पकड़िया मंगली, साबेपुर, चंदपुरा, गांगुपुर, नसरुल्लापुर, उल्लिका, हाफिजनगर बन्हाई, गजरौला, रमापुर, बिचपुरी जोगीठेर और लौंगाह गांव शामिल हैं।

 

जमीनों का चिह्नीकरण पूरा होने के बाद अगला महत्वपूर्ण चरण अधिग्रहण का होगा। इसमें संबंधित अभिलेखों का मिलान, प्रभावित भूमि का विवरण और नियमानुसार मुआवजे की प्रक्रिया शामिल होगी। प्रशासनिक स्तर पर दस्तावेज जिलाधिकारी को सौंपे जा चुके हैं। अब आगे की कार्रवाई शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार की जाएगी। किसानों के लिए यह भी महत्वपूर्ण होगा कि अधिग्रहण के दौरान उनकी आपत्तियों और जमीन से जुड़े अभिलेखों का समय से निस्तारण हो।

- अजय कुमार, एसडीएम

 

पीलीभीत के लिए यह बहुत बड़ी उपलब्धि है। मेरी विधानसभा के 39 गांवों से होकर एक्सप्रेसवे गुजरेगा। इससे निश्चित रूप से क्षेत्र की तरक्की को गति मिलेगी। लोगों को लंबी दूरी की यात्रा करने में कम समय लगेगा। व्यापार और आवागमन के नए अवसर पैदा होंगे। शासन की ओर से अधिसूचना जारी होना इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

- विवेक वर्मा, विधायक बीसलपुर


यह भी पढ़ें- यात्रियों की बल्ले-बल्ले: एसी वेटिंग रूम से लेकर खानपान तक, एयरपोर्ट जैसा होगा पीलीभीत का 15.30 करोड़ से बना नया बस स्टेशन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।