विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हेल्पलेस दिखी पुलिस! पीलीभीत में एक तरफ बांटे गुलाब, दूसरी तरफ सामने ही उड़ती रहीं यातायात नियमों की धज्जियां

Published: Thu, 05 Nov 2026 04:24 PM (IST)

पीलीभीत में यातायात माह के दौरान पुलिस ने गुलाब देकर जागरूकता अभियान चलाया, लेकिन उनके सामने ही वाहन चालक बिना ...और पढ़ें

पीलीभीत के गौहनियां चौराहा पर बिना हेलमेट के जाता पुलिसकर्मी व मौजूद यातायात पुलिस। जागरण

पीलीभीत के गौहनियां चौराहा पर बिना हेलमेट के जाता पुलिसकर्मी व मौजूद यातायात पुलिस। जागरण 

HighLights

  1. गुलाब देकर जागरूकता का संदेश, पुलिसकर्मी भी बिना हेलमेट निकले

  2. मगर नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई करने से बचती रही यातायात पुलिस

जागरण संवाददाता, पीलीभीत। यातायात माह में सड़क सुरक्षा और नियमों के पालन का पाठ पढ़ाने निकली यातायात पुलिस का जागरूकता अभियान बुधवार को गौहनियां चौराहे पर सवालों के घेरे में आ गया। यहां पुलिसकर्मी वाहन चालकों को गुलाब का फूल देकर यातायात नियमों का पालन करने की अपील कर रहे थे।

वहीं दूसरी ओर उनके सामने से ही नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ती रहीं। जागरूकता का संदेश देने के लिए पूरा अमला मौजूद था, लेकिन नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई के नाम पर खामोशी नजर आई।

हेलमेट लगाए बाइक सवार को गुलाब का फूल देतीं सीओ ट्रैफिक आकृति पटेल। स्रोत नोडल

बुधवार को गौहनियां चौराहे पर यातायात माह के तहत वाहन चालकों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाया गया। इसमें यातायात जागरूकता वाहन भी पहुंचा।

टीएसआई राघवेंद्र सिंह चौहान, जिले के नोडल अधिकारी इंतजार खान और एनसीसी के छात्रों को भी अभियान में शामिल किया गया था। इसके अलावा यातायात पुलिस के करीब 10 से 12 कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे।

गौहनियां चौराहा पर बिना हेलमेट के जाते पुलिसकर्मी। जागरण

पुलिसकर्मी वाहन चालकों को गुलाब का फूल देकर हेलमेट लगाने, यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित वाहन चलाने का संदेश दे रहे थे। हैरानी की बात यह रही कि जागरूकता अभियान के बीच से ही बाइक सवार बिना हेलमेट लगाए गुजरते रहे।

कोई तीन सवारियां बैठाकर फर्राटा भरता नजर आया तो कोई पुलिसकर्मियों के सामने से किनारे से निकलकर आगे बढ़ गया। कई पुलिसकर्मी भी बिना हेलमेट के आते-जाते दिखाई दिए।

गौहनियां चौराहा पर बिना हेलमेट के तीन सवारी व मौजूद यातायात पुलिस। जागरण

वहीं जो जागरुकता अभियान के वाहन को लेकर पहुंचा वह खुद ही सीट बेल्ट ही नहीं लगाए हुए था। ऐसे में जागरूकता अभियान की तस्वीर कुछ अलग ही कहानी बयां करती नजर आई।

सवाल यह है कि जब मौके पर टीएसआई समेत एक दर्जन के करीब यातायात पुलिसकर्मी मौजूद थे तो नियम तोड़ने वालों को रोककर कार्रवाई क्यों नहीं की गई? क्या यातायात माह का उद्देश्य केवल गुलाब बांटना और जागरूकता की तस्वीरें खिंचवाना है या सड़क पर नियमों का पालन कराना भी जिम्मेदारी है?

यह भी पढ़ें- योगी सरकार का बड़ा फैसला: पीलीभीत में 200 एकड़ में बनेगा बायो-फार्मा पार्क, वैक्सीन से जीन थेरेपी तक की बनेंगी दवाएं

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।