पीलीभीत: लोन वसूली करने गए बैंक के मुख्य प्रबंधक पर व्यापारी का हमला, मुंह पर आई गंभीर चोटें; DVR लेकर फरार
पीलीभीत में लोन वसूली के लिए गए बैंक अधिकारियों पर एक व्यापारी ने हमला कर दिया, जिसमें बैंक ऑफ बड़ौदा ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
बकाया रकम जमा कराने को लेकर हुआ विवाद मारपीट में बदला
जागरण संवाददाता, पीलीभीत। बैंक के बकाया लोन की रकम जमा कराने के लिए प्रतिष्ठान पर पहुंचे बैंक अधिकारियों को विरोध का सामना करना पड़ा। कोतवाली सुनगढ़ी क्षेत्र में आर्य समाज मंदिर के पास सोमवार को व्यापारी और बैंक अधिकारियों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि नौबत मारपीट तक पहुंच गई।
आरोप है कि व्यापारी ने बैंक अधिकारियों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। घटना में बैंक आफ बड़ौदा के क्षेत्रीय कार्यालय के मुख्य प्रबंधक शरद विजयवर्गीय घायल हो गए। उनके चेहरे और मुंह पर चोटें आई हैं।
घटना के बाद इलाके में हलचल मच गई और प्रतिष्ठान के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई। बैंक के मुख्य प्रबंधक शरद विजयवर्गीय ने बताया कि वह मुख्य प्रबंधक सर्वेश कुमार के साथ एएनपी अकाउंट अमृत ट्रेडिंग कंपनी के प्रोपराइटर लोकेश दुलवानी के प्रतिष्ठान पर पहुंचे थे।
बैंक अधिकारियों का उद्देश्य खाते में बकाया धनराशि जमा कराने के संबंध में बातचीत करना था। आरोप है कि इसी दौरान व्यापारी ने अधिकारियों से अभद्रता शुरू कर दी और उन्हें प्रतिष्ठान से बाहर जाने को कहा।
विरोध करने पर गाली-गलौज के साथ हाथापाई शुरू कर दी। आरोप है कि व्यापारी ने बैंक अधिकारियों को जान से मारने की धमकी भी दी। इस दौरान शरद विजयवर्गीय के चेहरे और मुंह पर चोटें आईं।
मामले ने उस समय और गंभीर रूप ले लिया, जब बैंक अधिकारियों ने आरोप लगाया कि मारपीट के बाद व्यापारी प्रतिष्ठान में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी लेकर चला गया।
अधिकारियों ने उससे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। बैंक प्रबंधन की ओर से पुलिस से शिकायत कर आरोपित के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई।
बैंक के लोन से संबंधित अधिकारी बकाया धनराशि जमा कराने के सिलसिले में व्यापारी के प्रतिष्ठान पर गए थे। वहां उनके साथ मारपीट की गई। घटना में बैंक के मुख्य प्रबंधक घायल हुए हैं। मामले की जानकारी पुलिस को देकर शिकायत की गई है। बैंक अधिकारियों की सुरक्षा और मामले में उचित कार्रवाई की अपेक्षा की गई है।
- आशुतोष वर्मा, लीड बैंक मैनेजर
बैंक अधिकारियों के साथ मारपीट के मामले में प्राप्त शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। घटना से जुड़े आरोपों, मारपीट और सीसीटीवी की डीवीआर ले जाने के मामले की भी पड़ताल की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
- अमरनाथ वर्मा, सीओ सिटी
यह भी पढ़ें- पीलीभीत वोट कांड: 2 SDM सस्पेंड, पर असली खिलाड़ी कौन? नेताजी के 'कोठी' वाले दो खास किरदारों पर टिकी सुई