PTR में खुशखबरी: 3 नन्हे शावकों के साथ चहलकदमी करती दिखी बाघिन, अब 'शतक' के करीब पहुंचा बाघों का कुनबा
पीलीभीत टाइगर रिजर्व में एक बाघिन अपने तीन शावकों के साथ दिखी है, जिससे बाघों की संख्या 100 के करीब ...और पढ़ें

पीटीआर के वनक्षेत्र में शावकों के साथ विचरण करती बाघिन। सौ. वन विभाग
HighLights
वर्ष 2024 की में 80 था आंकड़ा, इस पर्यटन सत्र में छह शावकों के साथ नजर आ रही दो बाघिनें
जागरण संवाददाता, पीलीभीत। तराई क्षेत्र में स्थित पीटीआर का समृद्ध जंगल बाघों के लिए सुरक्षित पर्यावास साबित हो रहा है। पीटीआर में बाघों की आबादी तेजी से बढ़ रही है। बीते पर्यटन सत्र से लेकर अब तक लगातार शावकों के साथ चहलकदमी कर रहीं बाघिनें इसका स्पष्ट प्रमाण हैं। इस बार भी जंगल में बाघिनों को उनके शावकों के साथ विचरण करते हुए देखा जा रहा है।
हाल ही में पीटीआर के पर्यटन क्षेत्र के जोन दो में एक बाघिन अपने तीन शावकों के साथ नजर आई हैं। वन विभाग के मुताबिक, इन शावकों की उम्र तीन से चार महीने के आसपास है।
बाघों की इस बढ़ती आबादी से पर्यटकों व विभाग में काफी उत्साह है। बीते दिनों भी एक अन्य बाघिन अपने शावकों के साथ देखी गई थी। वर्तमान सत्र में अब तक दो नई बाघिनें अपने छह शावकों के साथ नजर आ चुकी हैं।
वहीं, जंगल के विभिन्न हिस्सों में कई बाघिनें अपने अल्प वयस्क शावकों के साथ भी देखी जा रही हैं। अगर बाघों के आंकड़ों पर गौर करें तो वर्ष 2022 में राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) की ओर से जारी बाघ गणना के अनुसार पीटीआर में बाघों की संख्या 71 थी।
जबकि पीटीआर प्रशासन की ओर से वर्ष 2024 में कराई गई आंतरिक गणना में यह आंकड़ा बढ़कर 80 तक पहुंच गया था। बीते पर्यटन सत्र में जंगल में करीब एक दर्जन से अधिक नए शावक देखे गए थे।
ऐसे में लगातार बढ़ रही इस संख्या को देखते हुए अब पीटीआर में बाघों का यह आंकड़ा 100 के करीब पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है। लगातार नए शावकों का दिखना पीटीआर के बेहतर प्रबंधन, अनुकूल पारिस्थितिकी तंत्र और सुरक्षित वन क्षेत्र का बड़ा प्रमाण है।
डीएफओ मनीष सिंह ने बताया कि बाघिन का शावकों के साथ दिखना पीटीआर के लिए एक बेहद शुभ संकेत है। यह दर्शाता है कि यहां का प्राकृतिक वातावरण उनके लिए अनुकूल है। शावकों की सुरक्षा के दृष्टिगत संबंधित क्षेत्रों में गश्त निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।