Pilibhit Tiger Reserve में दिखा दुर्लभ नजारा, चार नन्हे शावकों संग मस्ती करती नजर आई 'बाघिन रंभा'; थम गईं सैलानियों की सांसें!
पीलीभीत टाइगर रिजर्व में बाघिन रंभा को अपने चार शावकों के साथ मस्ती करते देख पर्यटक भावुक हो उठे। यह दुर्लभ नजारा सप्त सरोवर मार्ग पर दिखा, जिससे बराही गेट की सफारी सैलानियों की पहली पसंद बन गई है।

पीलीभीत टाइगर रिजर्व में चार शावकों के साथ घूमती रंभा बाघिन। स्रोत गाइड
HighLights
गुरुवार सुबह सप्त सरोवर जाते समय सफारी मार्ग पर दिखा पूरा कुनबा
नए पर्यटन सत्र में बराही गेट की सफारी बनी सैलानियों की पहली पसंद
संवाद सहयोगी, कलीनगर (पीलीभीत)। पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) की सफारी इन दिनों बाघों के कुनबे के चलते सैलानियों की पहली पसंद बनी हुई है। गुरुवार सुबह सप्त सरोवर मार्ग पर रंभा बाघिन के साथ उछल-कूद और मस्ती करते चार नन्हे शावकों को देख पर्यटक रोमांच से भर उठे और जंगल के इस खूबसूरत पल को कैमरों व यादों में कैद करते नजर आए।
गुरुवार सुबह की सफारी के दौरान जब पर्यटक सप्त सरोवर की ओर जा रहे थे, तभी सफारी मार्ग पर रंभा बाघिन अपने चारों शावकों के साथ विचरण करती दिखाई दी।
बाघिन के साथ चल रहे नन्हे शावक कभी उसके आसपास उछल-कूद करते तो कभी आपस में खेलते और एक-दूसरे को दुलार करते नजर आए। शावकों की मासूम अठखेलियां और उनके साथ मस्ती करती बाघिन का नजारा देखकर पर्यटक रोमांचित हो उठे।
कुछ देर तक पर्यटक इस खूबसूरत दृश्य को निहारते रहे। जंगल के प्राकृतिक वातावरण में बाघिन और उसके शावकों का यह नजारा उनके लिए सफारी का सबसे यादगार पल बन गया।
दरअसल, नए पर्यटन सत्र की शुरुआत के बाद से ही पीलीभीत टाइगर रिजर्व में पर्यटकों की आमद लगातार बढ़ रही है। सुबह और शाम की सफारी के दौरान पर्यटकों को अलग-अलग स्थानों पर बाघों की मौजूदगी देखने को मिल रही है।
जंगल में विचरण करने वाले कुछ बाघों को पर्यटकों ने उनके खास अंदाज और पहचान के चलते नाम भी दे रखे हैं। इनमें रंभा बाघिन भी काफी चर्चित है। अब चार शावकों की मां बनने के बाद उसकी लोकप्रियता और बढ़ गई है।
करीब तीन से चार माह की उम्र के चारों शावक अपनी चंचलता और सुंदरता से पर्यटकों का ध्यान खींच रहे हैं। रंभा बाघिन का अपने शावकों के साथ जंगल में स्वच्छंद विचरण करना इन दिनों बराही गेट की सफारी का खास आकर्षण बन गया है। यही वजह है कि यहां पहुंचने वाले पर्यटक बाघिन और उसके कुनबे की एक झलक पाने को उत्साहित नजर आ रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।