विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बाघों के गढ़ में इस दुर्लभ शिकारी की दस्तक, झुंड में करता है शिकार; मगरमच्छ भी इससे खाते हैं खौफ

Published: Wed, 25 Nov 2026 06:39 PM (IST)

पीलीभीत टाइगर रिजर्व में दुर्लभ स्मूथ कोटेड ऊदबिलावों की संख्या बढ़ रही है, जो स्वस्थ जलीय पारिस्थितिकी तंत्र का प्रमाण है। ये जीव झुंड में शिकार करते हैं और अपनी सतर्कता व सामाजिक व्यवहार के लिए जाने जाते हैं, जो संरक्षण प्रयासों की सफलता दर्शाते हैं।

पीटीआर में विचरण करते ऊदबिलाव। स्रोत: इंटरनेट मीडिया

पीटीआर में विचरण करते ऊदबिलाव। स्रोत: इंटरनेट मीडिया

HighLights

  1. झिल्लीदार पंजों और खास शारीरिक बनावट के चलते पानी में तेज रफ्तार से करते हैं शिकार

  2. खतरे की आहट पर सीटी जैसी आवाज निकालकर समूह के साथियों को करते सतर्क

जागरण संवाददाता, पीलीभीत। बाघों के संरक्षण के लिए विख्यात पीलीभीत टाइगर रिजर्व का जलीय पारिस्थितिकी तंत्र भी समृद्ध हो रहा है। इन दिनों रिजर्व क्षेत्र की नदियों और जलाशयों में दुर्लभ प्रजाति के ऊदबिलाव यानी स्मूथ कोटेड ऑटर के समूहों की चहलकदमी बढ़ गई है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, संकटग्रस्त श्रेणी में शामिल इस जलीय जीव की बढ़ती मौजूदगी नदियों के स्वच्छ जल और मजबूत ईकोसिस्टम का प्रमाण है।

देश में ऊदबिलाव की कुल तीन प्रजातियां पाई जाती हैं, जिनमें से स्मूथ कोटेड ऑटर पीटीआर में पाया जाता है। एक दौर में संख्या घटने के कारण इस प्रजाति के अस्तित्व पर संकट मंडराने लगा था।

मगर, बेहतर प्राकृतिक वास और लगातार संरक्षण प्रयासों के बाद इनके झुंड दोबारा नजर आने लगे हैं। पीटीआर की माला नदी, चूका नदी और हरिपुर रेंज स्थित भगंडा झील के आसपास इनकी सक्रियता देखी जा रही है।

शरीर पर मौजूद बेहद चिकने और चमकदार फर के कारण ही इन्हें स्मूथ कोटेड ऑटर कहा जाता है। वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में कार्यरत संस्था टरक्वाइज वाइल्ड लाइफ कंजर्वेशन सोसायटी के अध्यक्ष मोहम्मद अख्तर मियां बताते हैं कि वयस्क ऊदबिलाव की लंबाई लगभग ढाई से तीन फीट तक होती है।

ये अपना अधिकांश समय पानी में ही व्यतीत करते हैं और नदियों, झीलों व बड़े तालाबों के किनारों पर बिल बनाकर आश्रय लेते हैं। इनके पंजों में मौजूद झिल्लियां और शरीर की विशेष बनावट इन्हें पानी में तेज रफ्तार से तैरने में मदद करती हैं।

इनकी सबसे बड़ी विशेषता इनका सामाजिक व्यवहार और सामूहिक शिकार की रणनीति है। ये अकेले रहने के बजाय झुंड में रहते हैं और आपसी तालमेल से मछलियों को घेरकर शिकार करते हैं।

ऊदबिलाव बेहद सतर्क जीव होते हैं। आसपास किसी भी तरह की अनजान हलचल या खतरे का आभास होते ही ये सीटी जैसी तेज आवाज निकालकर समूह के अन्य सदस्यों को आगाह कर देते हैं।

फुर्ती और मजबूत पंजों की बदौलत ये जल के भीतर माहिर शिकारी माने जाते हैं। क्षेत्र या समूह पर संकट आने पर ये पानी के सबसे बड़े शिकारी माने जाने वाले मगरमच्छ तक का मुकाबला करने से पीछे नहीं हटते।

 

टाइगर रिजर्व में वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर किए जा रहे प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। जंगल में कई ऐसी दुर्लभ प्रजातियां दिखाई दे रही हैं, जिनका मिलना जैव विविधता के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण है। नदियों और जलाशयों में ऊदबिलाव की मौजूदगी इस बात का संकेत है कि पीटीआर का प्राकृतिक पर्यावास बेहतर स्थिति में है और संरक्षण कार्य सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

- मनीष सिंह, डीएफओ, पीटीआर


यह भी पढ़ें- पीलीभीत टाइगर रिजर्व में रोमांच चरम पर, बाघिनों के साथ खेलते दिखे शावकों ने जीता सैलानियों का दिल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।