सरकारी स्कूलों के बच्चे मुफ्त में करेंगे पीलीभीत टाइगर रिजर्व की सैर, फिर शुरू हुई सुविधा
सरकारी स्कूलों के बच्चों को पीलीभीत टाइगर रिजर्व की मुफ्त सैर कराने के लिए 'दिव्य दर्शन' योजना इस सत्र में भी जारी रहेगी।

HighLights
सरकारी स्कूलों के बच्चों को मुफ्त जंगल सैर का अवसर।
पीलीभीत टाइगर रिजर्व की 'दिव्य दर्शन' योजना जारी रहेगी।
बच्चों को वन्यजीव संरक्षण और प्रकृति से जोड़ा जाएगा।
जागरण संवाददाता, पीलीभीत। वन्यजीवों का प्राकृतिक वास कैसा होता है, उनका जीवनचक्र कैसा होता है, जैव विविधता क्या होती है? ऐसे कई सवालों के जवाब और सैर का रोमांच जंगल पहुंचने के बाद ही मिल सकता है।
सरकारी स्कूलों के आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को ये जानकारियां और सैर का अवसर निश्शुल्क मिलेगा। पीलीभीत टाइगर रिजर्व ने इसके लिए दिव्य दर्शन योजना लागू की, जो इस सत्र में भी लागू रहेगी।
टाइगर रिजर्व प्रबंधन एवं वन विभाग ने पिछले पर्यटन सत्र में दिव्य दर्शन के अंतर्गत सरकारी स्कूलों के बच्चों को निश्शुल्क सैर कराई थी। इसका उद्देश्य था कि बच्चे स्कूलों की दीवारों व किताबों से बाहर निकलकर वन एवं वन्यजीव संरक्षण के महत्व को व्यावहारिक रूप से समझें।
पिछली बार 1500 स्कूलों ने जंगल की सैर की थी। इस बार भी यह व्यवस्था शुरू कर दी गई है। परिषदीय स्कूल, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय एवं किसी भी सरकारी संस्थान में पढ़ने वाले दिव्यांग बच्चों को निश्शुल्क सैर कराई जा सकती है। इसके लिए प्रधानाचार्य की ओर से बेसिक शिक्षा अधिकारी को पत्र भेजा जाएगा।
वह प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) से पत्राचार करेंगे। वह तारीख तय कर सूचित करेंगे। उसी अनुसार शिक्षक अपने स्कूल के बच्चों को लेकर मुस्तफाबाद गेस्ट हाउस परिसर पहुंचेंगे। वहां से बच्चों को सफारी वाहन पर बैठाकर जंगल भ्रमण कराया जाएगा।
गाइड उन्हें रास्ते में दिखने वाले बाघ, भालू, हिरण आदि वन्यजीवों की जानकारी देते जाएंगे। पर्यावरण का महत्व समझाएंगे। निजी स्कूलों के बच्चों को भ्रमण कराने के लिए भी यही प्रक्रिया अपनानी होगी। उन्हें सिर्फ सफारी वाहन के डीजल का खर्च देना होगा। डीएफओ मनीष सिंह ने बताया बच्चों को प्रकृति से जोड़ने के इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए इस पर्यटन सत्र में भी दिव्य-दर्शन कार्यक्रम को जारी रखा जाएगा।