विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पीलीभीत के शिक्षक रामप्रसाद गंगवार ने बदली सैकड़ों छात्रों की जिंदगी, 333 युवाओं को बनाया आत्मनिर्भर

Published: Tue, 10 Nov 2026 04:15 PM (IST)

पीलीभीत के ड्रमंड राजकीय इंटर कालेज के कृषि शिक्षक डॉ. रामप्रसाद गंगवार ने 333 विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ स्वरोजगार का प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाया है।

रामप्रसाद गंगवार के छात्र मशरूम उत्पादन, मत्स्य पालन और पौधशाला जैसे विभिन्न हुनर सीखकर सालाना लाखों रुपये कमा रहे हैं, जिससे शिक्षा का दायरा बढ़ा है।

रामप्रसाद गंगवार के छात्र मशरूम उत्पादन, मत्स्य पालन और पौधशाला जैसे विभिन्न हुनर सीखकर सालाना लाखों रुपये कमा रहे हैं, जिससे शिक्षा का दायरा बढ़ा है।

HighLights

  1. शिक्षक डॉ. गंगवार ने 333 विद्यार्थियों को स्वरोजगार प्रशिक्षण दिया।

  2. छात्र मशरूम, मत्स्य पालन से सालाना लाखों कमा रहे हैं।

  3. कम लागत में पौध तैयार कर आत्मनिर्भर बनने का हुनर।

वैभव मिश्र, जागरण, पीलीभीत। स्कूल में शिक्षा का उद्देश्य आमतौर पर बच्चों को किताबी ज्ञान देकर अगली कक्षा और परीक्षाओं के लिए तैयार करना ही माना जाता है, लेकिन उत्तर प्रदेश में पीलीभीत के ड्रमंड राजकीय इंटर कालेज के कृषि विज्ञान शिक्षक डॉ. रामप्रसाद गंगवार ने शिक्षा के इस दायरे को थोड़ा और विस्तार दिया है।

उनके लिए पढ़ाई तभी पूरी होती है, जब विद्यार्थी अपने पैरों पर खड़ा होने का हुनर भी सीख ले। इसी सोच के साथ उन्होंने कक्षा को ऐसी प्रयोगशाला में बदल दिया, जहां किताबों में पढ़ाई जाने वाली कृषि को रोजगार का जरिया बनाया जाता है।

साल 1998 में शिक्षक के रूप में शुरुआत करने वाले डा. गंगवार अब तक 333 विद्यार्थियों को अलग-अलग रोजगारपरक विधाओं का प्रशिक्षण देकर स्वरोजगार से जोड़ चुके हैं। इनमें अपना काम शुरू कर चुके कई विद्यार्थी सालाना तीन लाख रुपये तक कमा रहे हैं। उनके लिए यह महज प्रशिक्षण नहीं, बच्चों को अपनी आजीविका का रास्ता चुनने का आत्मविश्वास देना है।

डॉ. गंगवार की प्रयोगधर्मिता का ताजा उदाहरण पुष्पीय पौधों की पौध तैयार करने का प्रशिक्षण है। इसमें विद्यार्थियों को ऐसी तकनीक सिखाई जा रही है, जिसमें पौध तैयार करने की शुरुआती लागत महज प्रति पौधा महज 10 पैसे तक आती है। करीब 25 दिन में तैयार होने वाली पौध को बाजार में बेचकर प्रति पौधा लगभग 10 रुपये की कमाई की जा सकती है। यानी कम पूंजी और कम समय में स्वरोजगार की शुरुआत का रास्ता। स्कूल परिसर के एक हिस्से को उन्होंने इस प्रशिक्षण के लिए प्रयोगशाला का रूप दिया है। यहां बीज का चयन, पौध तैयार करने, सिंचाई, नमी प्रबंधन और देखभाल की बारीकियां समझाई जाती हैं।

विद्यार्थियों को केवल पौध उगाना नहीं, उसकी बिक्री और उससे होने वाली कमाई का गणित भी सिखाया जा रहा है। डा. गंगवार ने बताया कि पंतनगर से गेंदा के बीज का पैकेट 75 रुपये का आता है। पैकेट में मिलने वाले 1000 बीज नर्सरी में बोए जाते, इनमें औसतन 900 पौधे बन जाते हैं। 15 या 20 रुपये मिट्टी में मिलाने वाले कोकोपिट (नारियल के छिलके से तैयार मिश्रण) पर खर्च होते हैं। श्रम खुद छात्र करते हैं, इसलिए मजदूरी शून्य होती है। नर्सरी का स्थान खेत में बनाया जाता, इसलिए उस पर भी खर्च नहीं होता। इस तरह औसतन 10 पैसे की लागत से पौध तैयार होती, जो बाजार में 10 रुपये की बिकती है।

प्रशिक्षण के उपरांत जो छात्र अपना स्वरोजगार शुरू करते हैं, उनके बुलावे पर नर्सरी या खेत पर जाकर बेहतरी के सुझाव या सुधार की जानकारी देते हैं।

मशरूम से दूध के उत्पाद तक, हुनर की लंबी फेहरिस्त

उनके प्रशिक्षण की विशेषता यह है कि रोजगार के विकल्प विद्यार्थियों की रुचि और स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखकर चुने जाते हैं। अब तक 163 विद्यार्थियों को मशरूम उत्पादन, 123 को जैविक खेती, 20 को पौधशाला तैयार करने और 17 को मत्स्य पालन का प्रशिक्षण दिया जा चुका है। 10 विद्यार्थी दूध से 22 तरह के उत्पाद तैयार करना भी सीख चुके हैं। इनमें मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण लेने वाले विद्यार्थियों ने स्वरोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। कुछ विद्यार्थी इससे सालाना तीन लाख रुपये तक की आय अर्जित कर रहे हैं। प्रशिक्षण में उत्पादन की तकनीक के साथ गुणवत्ता बनाए रखने, प्रसंस्करण, मूल्यवर्धन, पैकेजिंग और बाजार में उत्पाद बेचने की जानकारी भी दी जाती है। इस तरह विद्यार्थी किसी काम को सीखकर छोड़ नहीं देते, उसे व्यवसाय में बदलने की पूरी प्रक्रिया समझते हैं।

पढ़ाई का असर बोर्ड परीक्षा से स्वरोजगार तक

इस प्रयोग का प्रभाव विद्यार्थियों के शैक्षिक प्रदर्शन में भी दिखाई देता है। वर्ष 2011 में उनके मार्गदर्शन में देवेश कुमार ने पशुपालन एवं चिकित्सा विज्ञान विषय में आयोजित प्रतियोगिता में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वर्ष 2019 में प्रमोद शर्मा ने बरेली मंडल में द्वितीय स्थान हासिल किया। वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षा में ऋषभ भास्कर जिले में तीसरे और नितिन वर्मा चौथे स्थान पर रहे। इन उपलब्धियों से समझा जा सकता है कि व्यावहारिक शिक्षा और किताबी पढ़ाई को साथ लेकर चलने से विद्यार्थियों की समझ और प्रदर्शन दोनों को मजबूती मिल सकती है।

अपने वेतन से भी संवार रहे स्कूल की सुविधाएं

विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनाने की कोशिश कक्षा और प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है। कृषि शिक्षा को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए डा. गंगवार ने इंटरनेट आफ थिंग्स (आइओटी) को माध्यम बनाया और अपने वेतन से स्मार्ट क्लास के निर्माण में भी योगदान दिया। स्कूल परिसर में मछली पालन की शिक्षा देने के लिए तालाब तैयार कराया, ताकि विद्यार्थी मत्स्य पालन को केवल पाठ्यक्रम में पढ़ें नहीं, उसे सामने होते हुए देखें और सीखें। पर्यावरण संरक्षण, जल सुरक्षा, ऊर्जा सुरक्षा और खेल गतिविधियों को भी उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास से जोड़ा। स्कूल में संसाधनों और सुविधाओं को बढ़ाने की यह पहल उनके लिए नौकरी का हिस्सा भर नहीं, शिक्षा के प्रति जिम्मेदारी का विस्तार है।

किताबों के लेखक, शोधकर्ता और राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित

बरेली में जन्मे डा. गंगवार ने कृषि विज्ञान में शोध किया है। कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए कृषि विज्ञान की 11 पुस्तकों के लेखन में उनका योगदान रहा है। उनके आठ राष्ट्रीय और चार अंतरराष्ट्रीय शोधपत्र प्रकाशित हो चुके हैं। शिक्षा में प्रयोग, तकनीक और रोजगारपरक प्रशिक्षण को जोड़ने के उनके प्रयासों को वर्ष 2019 में राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए चयन के रूप में पहचान मिली। एक शिक्षक के रूप में उनकी उपलब्धि का सबसे बड़ा पक्ष यह है कि उनके विद्यार्थी पढ़ाई पूरी करने के बाद रोजगार के लिए केवल अवसरों की प्रतीक्षा नहीं कर रहे, वे अपने हुनर से अवसर तैयार करने की राह भी सीख रहे हैं। उनके लिए शिक्षा का अर्थ प्रमाण-पत्र हासिल करना भर नहीं, अपने जीवन की जिम्मेदारी उठाने लायक बनना है।

छात्र हेतराम ने बताया कि मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण लेकर कम लागत में रोजगार शुरू करने की स्कूल में ही जानकारी मिली। पहले मशरूम की खेती के बारे में केवल किताबों में पढ़ते थे, लेकिन अब उत्पादन से लेकर उसकी देखभाल और बाजार में बिक्री तक की प्रक्रिया समझ चुके हैं।

छात्र शुभ सक्सेना का कहना है कि गंगवार सर ने हमें मछली पालन की बारीकियां समझाईं। प्रशिक्षण के दौरान मछलियों की प्रजातियों का चयन, तालाब का प्रबंधन, उनके भोजन और देखभाल की जानकारी मिली। पहले कृषि को केवल खेती तक सीमित समझते थे, लेकिन अब पता चला कि मत्स्य पालन भी अच्छी आय का जरिया बन सकता है। पढ़ाई के साथ इस हुनर को अपनाकर भविष्य में आत्मनिर्भर बनना चाहते हैं। 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।