शुरू होने से पहले ही हिट हुआ पीटीआर का नया टूरिज्म सीजन, 7 समंदर पार से आ रहे टूरिस्ट्स
पीलीभीत टाइगर रिजर्व का आगामी पर्यटन सत्र शुरू होने से पहले ही शानदार सफलता हासिल कर रहा है। शुरुआती एडवांस ...और पढ़ें

बीते सत्र पीलीभीत टाइगर रिजर्व के चूका बीच पर घूमते विदेशी पर्यटक। जागरण आर्काइव
HighLights
एक सप्ताह पहले शुरू हुई एडवांस बुकिंग को मिला पर्यटकों का शानदार रिस्पांस
दो से नौ नवंबर के बीच 44 सफारी फुल, 177 पर्यटक उठाएंगे जंगल के रोमांच का लुत्फ
जागरण संवाददाता, पीलीभीत। पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) का आगामी पर्यटन सत्र शुरू होने से पहले ही सुपरहिट साबित होने लगा है। जंगल सफारी के लिए देश-विदेश के पर्यटकों में उत्साह देखा जा रहा है। एक सप्ताह पहले शुरू हुई आफलाइन एडवांस बुकिंग को पर्यटकों का शानदार रिस्पांस मिला है।
बाघों की आसान साइटिंग और पीटीआर के प्राकृतिक सौंदर्य की गूंज अब सात समंदर पार भी सुनाई देने लगी है। शुरुआती रुझानों को देखकर यह तय माना जा रहा है कि यह नया पर्यटन सत्र पीटीआर के लिए कई नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।
पीटीआर में जंगल सफारी का आनंद लेने के लिए पर्यटकों में गजब की होड़ मची है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार, अब तक दो नवंबर से लेकर नौ नवंबर तक के बीच के लिए कुल 44 सफारी की एडवांस बुकिंग हो चुकी है।
इन बुक की गई सफारियों के माध्यम से कुल 177 पर्यटक पीटीआर के जंगल में वन्यजीवों के दीदार का लुत्फ उठाएंगे। इस बार की एडवांस बुकिंग का सबसे उत्साहजनक पहलू विदेशी पर्यटकों का पीटीआर के प्रति बढ़ता क्रेज है।
आंकड़ों के अनुसार शुरुआती एडवांस बुकिंग कराने वाले 177 पर्यटकों में से 144 भारतीय और 33 विदेशी पर्यटक शामिल हैं। इतने कम समय में 33 विदेशी पर्यटकों का सफारी बुक कराना पीटीआर की बढ़ती वैश्विक लोकप्रियता का प्रमाण है।
यह आंकड़ा इसलिए भी बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि बीते पूरे पर्यटन सत्र में पीटीआर पहुंचने वाले कुल पर्यटकों की संख्या करीब 57,000 के आसपास रही थी, लेकिन इनमें विदेशी पर्यटकों की संख्या मात्र 216 तक ही सिमट गई थी।
इस बार शुरुआती एक हफ्ते में ही विदेशियों की इतनी बड़ी संख्या में बुकिंग से अनुमान लगाया जा रहा है कि विदेशी पर्यटकों की आमद के लिहाज से यह सत्र रिकार्ड तोड़ रहने वाला है।
ऑनलाइन बुकिंग शुरू होने पर बढ़ेगा आंकड़ा
पीटीआर में एडवांस सफारी के लिए पर्यटकों का उत्साह देखा जा रहा है। हालांकि, अभी 44 बुकिंग आफलाइन माध्यम से हुई हैं, जो पर्यटकों ने सीधे मुख्यालय से संपर्क कर कराई हैं। यदि समय रहते आनलाइन बुकिंग पोर्टल भी सुचारू रूप से शुरू कर दिया होता, तो यह आंकड़ा और अधिक हो सकता था।
इस बार पर्यटकों का रुझान उत्साहजनक है। सत्र शुरू होने से पहले ही एडवांस बुकिंग को शानदार रिस्पांस मिल रहा है। शुरुआती सप्ताह में ही विदेशी पर्यटकों का बुकिंग कराना इस बात का संकेत है कि यह पर्यटन सत्र नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।
- मनीष सिंह, डीएफओ, पीटीआर
यह भी पढ़ें- न जिम कार्बेट, न दुधवा! यूपी के इस छोटे से जंगल में 80% लोगों को दिखता है बाघ, जानिए क्या है खास
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।