विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पीटीआर के 4 रेंजों में दूर होगा जल संकट, बंगलुरु की संस्था की इस पहल से बाघ और तेंदुओं को मिलेगी बड़ी राहत

Published: Thu, 19 Nov 2026 01:08 PM (GMT+05:30)

बेंगलुरु की अर्थ ब्रिगेड फाउंडेशन पीलीभीत टाइगर रिजर्व में वन्यजीवों के लिए 12 नए सोलर पंप लगाएगी। यह पहल सीएसआर ...और पढ़ें

पीटीआर स्थित आनंदताल। स्रोत: वन विभाग

पीटीआर स्थित आनंदताल। स्रोत: वन विभाग

HighLights

  1. अर्थ ब्रिगेड फाउंडेशन अपने सीएसआर फंड से माला, महोफ, बाराही और दियोरिया रेंज में कराएगी काम

जागरण संवाददाता, पीलीभीत। तराई के लगभग 73 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में फैले पीटीआर में वन्यजीवों के संरक्षण व सुरक्षा के लिए वन विभाग को तमाम संसाधनों की आवश्यकता होती है। लेकिन, लंबे अरसे से विभाग तमाम संसाधनों के साथ-साथ मानवीय संसाधनों के अभाव में ही वन्यजीव संरक्षण की चुनौतियों से जूझ रहा है।

ऐसे में संसाधनों की कमी को पूरा करने में बीते कुछ वर्षों से तमाम निजी संस्थाएं और फाउंडेशन पीटीआर के लिए मददगार साबित हो रहे हैं। अब वन्यजीवों की प्यास बुझाने और जंगल के प्राकृतिक जलस्रोतों को दुरुस्त करने का जिम्मा बंगलुरु की एक संस्था ने उठाया है।

बेंगलुरु की संस्था अर्थ ब्रिगेड फाउंडेशन वित्तीय वर्ष में पीटीआर के वनक्षेत्र में 12 नए सोलर पंप लगवाने जा रही है। संस्था अपने कार्पोरेट सोशल रिस्पान्सिबिलिटी फंड के माध्यम से जंगल में यह कार्य कराएगी।

कार्ययोजना के मुताबिक, यह सोलर पंप पीटीआर की चार रेंजों, माला, महोफ, बाराही और दियोरिया में स्थित विभिन्न प्राकृतिक जलस्रोतों पर स्थापित किए जाएंगे।

दिसंबर माह के मध्य से इस कार्य को धरातल पर शुरु करा दिया जाएगा। इस संस्था ने बीते वित्तीय वर्ष 2023-24 में भी अपने सीएसआर फंड से पीटीआर में सोलर पंप स्थापित कराने का कार्य किया था।

जंगल के अंदरूनी हिस्सों में सोलर पंपों की स्थापना से यह सुनिश्चित हो जाता है कि गर्मी के दिनों या किसी भी अन्य मौसम में वनक्षेत्रों के प्राकृतिक जलस्रोतों में पानी न सूखे। जिससे बाघ, तेंदुए व हिरणों जैसे वन्यजीवों के लिए पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था बनी रहे।

जलस्रोतों के मामले में काफी समृद्ध है पीटीआर

वैसे तो पीलीभीत टाइगर रिजर्व प्राकृतिक जलस्रोतों के मामले में काफी समृद्ध है। जंगल के अंदर जलापूर्ति के लिए प्रमुख नदियों में शारदा, माला और सुतिया नाला बहते हैं। वहीं, नहरों के विस्तृत नेटवर्क में शारदा मुख्य नहर, खीरी ब्रांच, फीडर, निगोही ब्रांच और खारजा आदि शामिल हैं।

इसके अलावा, जंगल के भीतरी हिस्सों में दर्जनों छोटे-बड़े ताल और पोखर मौजूद हैं, जिनमें झंडताल, बारहसिंहा ताल, भीमताल, सप्त सरोवर, आनंदताल और लिट्सियाताल प्रमुख हैं। सोलर पंप लग जाने से वन्यजीवों को उनके प्राकृतिक आवासों के पास ही आसानी से पानी उपलब्ध हो सकेगा।

 

वन्यजीव संरक्षण में आवश्यक संसाधनों को सुदृढ़ करने में संस्थाओं का सहयोग सराहनीय है। अर्थ ब्रिगेड फाउंडेशन की ओर से पीटीआर में 12 नए सोलर पंप लगवाए जा रहे हैं। इस पहल से प्राकृतिक जलस्रोतों में हर मौसम में वन्यजीवों के लिए पर्याप्त पानी की उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी।

- मनीष सिंह, डीएफओ, पीटीआर


यह भी पढ़ें- पीलीभीत टाइगर रिजर्व का अनोखा कमाल: एक ही जंगल में एक साथ रहती हैं बिल्ली परिवार की 6 दुर्लभ प्रजातियां

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।