पर्यटकों को लुभाने के चक्कर में बाघों की जान से खिलवाड़, सोशल मीडिया पर लोकेशन शेयर करने वालों पर कसेगा शिकंजा
पीलीभीत में कुछ होम स्टे संचालक पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए सोशल मीडिया पर बाघों की लोकेशन साझा कर रहे हैं, जिससे वन्यजीवों की जान खतरे में पड़ रही है।

एआई इमेज
HighLights
वन्यजीवों की लोकेशन सार्वजनिक होने से बढ़ जाता है उनके शिकार का खतरा
जागरण संवाददाता, पीलीभीत। पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए कुछ होम स्टे संचालक बाघों का जीवन खतरे में डाल रहे हैं। वे विचरण करते बाघों के वीडियो या फोटो अपने इंटरनेट मीडिया एकाउंट पर साझा कर रहे। उस पर लिख रहे कि जिस जगह पर बाघ घूमता दिख रहा, वहां से उनका होम स्टे कुछ ही दूरी पर है। टाइगर रिजर्व प्रशासन ने ऐसे होम स्टे संचालकों को चिह्नित करना शुरू कर दिया है। उन पर कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा के दृष्टिगत संरक्षित वन्यजीवों की लोकेशन साझा नहीं की जा सकती। इससे शिकारियों को पता चल जाता है कि वन्यजीव की अधिक सक्रियता किस क्षेत्र में है। वे रेकी कर वन्यजीव को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
इस नियम के बावजूद कुछ इंटरनेट मीडिया एकाउंट पर बाघों की लोकेशन बताते हुए वीडियो व फोटो साझा किए गए थे। टाइगर रिजर्व के प्रभागीय वनाधिकारी मनीष सिंह ने बताया कि बाघ या किसी भी संरक्षित वन्यजीव की लोकेशन सार्वजनिक करना वन्यजीव संरक्षण अधिनियम का उल्लंघन है।
ऐसे करने वालों को नोटिस जारी की जाती है। इसके बाद प्राथमिकी दर्ज कराई जा सकती है। कुछ होम स्टे संचालकों की शिकायत मिली, उनकी जांच कराई जा रही है।
विशेषज्ञों की टीम परखेगी सुरक्षा इंतजाम
पीलीभीत टाइगर रिजर्व में बाघों के सुरक्षा इंतजामों का सर्व किया गया था। पिछले महीने मैनेजमेंट इफेक्टिवनेस इवैल्यूएशन ने इसकी रिपोर्ट राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण को सौंपी थी। मंगलवार को प्राधिकरण के निर्देश पर तीन सदस्यीय टीम सुरक्षा इंतजामों का भौतिक सत्यापन करने आएगी।
विशेषज्ञ पता करेंगे कि वनाग्नि से सुरक्षा, मानव-वन्यजीव संघर्ष को रोकने के उपाय, घास के मैदानों के विकास, वाटर होल्स के रखरखाव, जैव विविधता संरक्षण के कितने प्रयास किए गए। यह परीक्षण समय-समय पर होता है। इसके आधार पर व्यवस्था में अपेक्षित सुधार के सुझाव दिए जाते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।