विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सरकारी स्कूलों की हकीकत: 2,647 दिव्यांग बच्चों का भविष्य महज 20 शिक्षकों के भरोसे, 132 छात्रों पर सिर्फ एक 'गुरु'!

Published: Tue, 17 Nov 2026 05:45 AM (IST)

पीलीभीत में 2,647 दिव्यांग बच्चों की शिक्षा केवल 20 विशेष शिक्षकों के भरोसे है, जिससे प्रति शिक्षक 132 से अधिक ...और पढ़ें

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. जिले के सात ब्लाकों में प्राथमिक विद्यालयों में विशेष शिक्षकों की कमी

वैभव मिश्रा, पीलीभीत। दिव्यांग बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के दावे तो खूब किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इन दावों से बिल्कुल अलग है। जिले के 2,647 दिव्यांग बच्चों की पढ़ाई की जिम्मेदारी महज 20 विशेष शिक्षकों के कंधों पर है। यानी औसतन एक विशेष शिक्षक के हिस्से में 132 से अधिक बच्चों की जिम्मेदारी है। ऐसे में बच्चों की विशेष जरूरतों के मुताबिक शिक्षा मिलना बड़ी चुनौती बना हुआ है।

जिले के सात ब्लाक पूरनपुर, बीसलपुर, बिलसंडा, अमरिया, ललौरीखेड़ा, मरौरी और बरखेड़ा में दिव्यांग बच्चे परिषदीय विद्यालयों में पढ़ रहे हैं। जिले में कुल 1,508 परिषदीय स्कूल हैं।

इनमें 291 कंपोजिट, 928 प्राथमिक और 280 उच्च प्राथमिक विद्यालय शामिल हैं। इतनी बड़ी विद्यालय व्यवस्था के बीच विशेष शिक्षकों की संख्या केवल 20 होना व्यवस्था की कमी को उजागर करता है।

विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को पढ़ाने के लिए सामान्य शिक्षण पद्धति पर्याप्त नहीं होती। सुनने, बोलने, देखने और चलने-फिरने में कठिनाई वाले बच्चों को उनकी जरूरत के अनुसार शिक्षण सामग्री, व्यक्तिगत मार्गदर्शन और विशेष प्रशिक्षण की आवश्यकता होती है।

निर्धारित मानक के अनुसार छह बच्चों पर एक विशेष शिक्षक की जरूरत बताई जा रही है। इस हिसाब से जिले में उपलब्ध शिक्षकों और बच्चों की संख्या के बीच बड़ा अंतर है। शिक्षकों की कमी का असर बच्चों की नियमित पढ़ाई, उनकी सीखने की क्षमता और शैक्षिक प्रगति पर पड़ सकता है।

वर्तमान में विशेष शिक्षक अलग-अलग विद्यालयों में जाकर बच्चों को पढ़ाते हैं। वहीं कई स्थानों पर सामान्य शिक्षक भी उनकी पढ़ाई की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इससे विशेष जरूरत वाले बच्चों को अपेक्षित समय और व्यक्तिगत ध्यान मिल पाना चुनौतीपूर्ण है।

 

जिले में दिव्यांग बच्चों की शिक्षा के लिए विशेष शिक्षकों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही सामान्य शिक्षक भी उन्हें पढ़ा रहे हैं। विशेष शिक्षक स्थायी रूप से किसी एक विद्यालय में तैनात नहीं रहते, बल्कि अलग-अलग विद्यालयों में जाकर बच्चों को शिक्षित करते हैं। विभाग का प्रयास है कि दिव्यांग बच्चों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप शिक्षा और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए।

- रोशनी सिंह, बीएसए


यह भी पढ़ें- योगी सरकार का बड़ा फैसला: पीलीभीत में 200 एकड़ में बनेगा बायो-फार्मा पार्क, वैक्सीन से जीन थेरेपी तक की बनेंगी दवाएं

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।