विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पीलीभीत: गन्ने के खेत में पेड़ से लटका मिला 17 साल के गजेंद्र का शव, जमीन से छू रहे थे पैर; हत्या की आशंका

Published: Sat, 17 Oct 2026 04:34 PM (IST)

पीलीभीत के बरखेड़ा में 17 वर्षीय गजेंद्र का शव गन्ने के खेत में पेड़ से लटका मिला, जिससे परिवार ने ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक इमेज

प्रतीकात्मक इमेज

HighLights

  1. रात एक बजे खेत में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

जागरण संवाददाता, पीलीभीत। बरखेड़ा के कुर्रैया नवदिया गांव में शनिवार रात 17 वर्षीय गजेंद्र का शव गन्ने के खेत में पेड़ के सहारे लटका मिला। उसके पैर जमीन को छू रहे थे और पैर में चोट के निशान भी बताए गए हैं। शव मिलने की जानकारी पर पहुंचे स्वजन ने हत्या की आशंका जताई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।

गांव के निवासी गजेंद्र पुत्र ओमप्रकाश म्यूजिक सिस्टम आपरेटर था, शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे मोबाइल फोन पर बात करते हुए घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा।

स्वजन उसकी तलाश में जुटे थे। रात करीब एक बजे गांव के पास गन्ने के खेत में पेड़ के सहारे उसका शव लटका मिला। घटनास्थल घर से करीब पांच सौ मीटर दूर है।

किशोर का शव मिलने की जानकारी पर स्वजन मौके पर पहुंच गए। उसकी मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई। गजेंद्र की भाभी सविता पत्नी सोमप्रकाश ने बताया कि परिवार में मां शकुंतला के अलावा चार बहनें और दो भाई हैं।

गजेंद्र ने दसवीं तक पढ़ाई की थी। परिवार के लोगों ने शव मिलने की परिस्थितियों पर संदेह जताते हुए हत्या की आशंका व्यक्त की है। उनका कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए।

गन्ने के खेत में पेड़ के सहारे शव लटका मिलने, पैर जमीन से छूने और चोट के निशान होने की बात सामने आने के बाद घटना को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं।

गजेंद्र की मौत के पीछे क्या वजह रही, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। बरखेड़ा थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि मामले की सूचना मिली है। पुलिस जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- पीलीभीत में मिलावट का महाविस्फोट: 325 में से 220 फूड सैंपल फेल, 16 को जेल; दिवाली से पहले रहें सावधान!