पीलीभीत के मरौरी में अज्ञात वाहन की टक्कर से तीन साल के तेंदुए की मौत, वन विभाग जांच में जुटा
पीलीभीत के मरौरी गांव में शनिवार शाम एक अज्ञात वाहन की टक्कर से लगभग तीन साल के तेंदुए की मौत हो गई। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

अज्ञात वाहन की टक्कर से मृत तेंदुआ
HighLights
शनिवार शाम करीब साढ़े सात बजे बाजार के समीप हुआ हादसा, तीन साल बताई जा रही उम्र
बाघ मित्रों की पुष्टि के बाद मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने शव को लिया कब्जे में
जागरण संवाददाता, पीलीभीत। न्यूरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मरौरी गांव में शनिवार शाम एक सड़क हादसे में तेंदुए की मृत्यु हो गई। गांव के बाजार के समीप किसी अज्ञात वाहन की तेज टक्कर लगने से तेंदुए ने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की। वन विभाग अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रहा है।
हादसा शनिवार शाम करीब साढ़े सात बजे हुआ। मरौरी गांव में बाजार के पास सड़क पर तेंदुए के घायल व मृत अवस्था में पड़े होने की सूचना स्थानीय स्तर पर फैली।
मामले की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे बाघ मित्रों ने स्थिति का जायजा लिया और तेंदुए की मृत्यु की पुष्टि करते हुए तत्काल वन विभाग के अधिकारियों को सूचित किया।
विभागीय जानकारी के अनुसार मृत तेंदुए की उम्र लगभग तीन वर्ष बताई जा रही है। सूचना मिलते ही रेंजर विनीत कुमार श्रीवास्तव, डिप्टी रेंजर शेर सिंह समेत वन विभाग के अन्य कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंच गए।
टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। वन कर्मियों ने तेंदुए के शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की औपचारिकताएं शुरू कर दीं।
रेंजर विनीत कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि घटनास्थल की स्थिति और प्राथमिक जांच के आधार पर प्रथम दृष्टया यह मामला किसी अज्ञात वाहन की टक्कर का प्रतीत होता है। मामले में विभागीय केस दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।