पीलीभीत में खाना नहीं बनाया तो पति ने पत्नी को गोली मारी, घायल हालत में दो दिन तक बनाए रखा बंधक
पीलीभीत में आटा न होने पर खाना न बना पाने से गुस्साए पति मंजीत सिंह ने पत्नी संदीप कौर को गोली मार दी। घायल पत्नी को दो दिन तक बंधक बनाए रखा, जिसे बाद में सौतेले बेटे ने मुक्त कराकर अस्पताल में भर्ती कराया और पति के खिलाफ मामला दर्ज कराया।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
पति ने आटा न होने पर पत्नी को गोली मारी।
घायल पत्नी को दो दिन तक घर में बंधक रखा।
सौतेले बेटे ने महिला को मुक्त करा अस्पताल पहुंचाया।
संवाद सूत्र, पीलीभीत। घर में आटा खत्म होने पर संदीप कौर खाना नहीं बना सकी तो बौखलाए पति मंजीत सिंह ने फायर झोंक दिया। उनके घायल होने पर उपचार नहीं कराया, बल्कि दो दिन घर में बंधक बनाकर रखा।
आरोपित आंगन में बंदूक लेकर बैठता था कि यदि कोई बात करने आया तो जान से मार देगा। रविवार को चेन्नई से आए सौतेले बेटे ने महिला को बंधनमुक्त करा जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद सिरफिरे मंजीत के विरुद्ध जानलेवा हमले की धारा में प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
अभयपुर माधोपुर गांव में रहने वाला किसान मंजीत छोटी-छोटी बातों पर घर में कलह करता था। शुक्रवार दोपहर को खेत से लौटकर आने पर उसने खाना मांगा। इस पर पत्नी संदीप कौर ने जवाब दिया कि आटा ले आएं, तभी रोटी बन सकेगी। इतना सुनते ही मंजीत ने उन्हें पीटा, विरोध पर 0.312 बोर की लाइसेंसी बंदूक से उन पर फायर झोंक दिया।
समय रहते नीचे बैठ जाने से संदीप कौर की जान बच गई, मगर तीन-चार छर्रे चेहरे व आंख में जा धंसे। उनकी चीख-पुकार पर पड़ोसियों ने मदद करने चाही परंतु, मंजीत उन्हें बंदूक लेकर ललकारने लगा। यह देखकर पड़ोसी लौट गए। वह शनिवार को भी बंदूक लेकर आंगन में बैठा रहा, ताकि संदीप कौर किसी से बात न कर सकें।
पड़ोसियों ने फोन पर इसकी जानकारी गोरखपुर में रहने वाली संदीप कौर की बहन मीना और चेन्नई में नौकरी करने वाले सौतेले बेटे गुरजीत को दी। वे दोनों लोग रविवार को गांव आए तो संदीप कौर कमरे में मिलीं। उन्होंने बताया शुक्रवार को घायल होने पर कमरे में बंधकर दिया गया।
अगले दिन कमरे से बाहर जाने दिया, मगर पति ने किसी से बात नहीं करने दी, फोन भी छीन लिया था। घुंघचाई के थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि मंजीत फरार हो गया, उसकी तलाश की जा रही है। उसकी बंदूक घर में मिल गई।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।