लखनऊ की 'लाइफलाइन' पर संकट! गोमती और सहायक नदियों का प्रवाह 40% घटा, जनवरी के बाद सूखने की आशंका
लखनऊ की टीम ने पीलीभीत में गोमती और सहायक नदियों (माला, कठिना) की जांच की, जिसमें उनका प्रवाह 40% कम पाया गया और जनवरी के बाद सूखने की आशंका है। जांच में नदियों के बहाव क्षेत्र में अतिक्रमण भी मिला, जिससे पर्यावरणीय प्रवाह बाधित हो रहा है।

जिले में गोमती नदी की बायोडायवर्सिटी और पानी की गुणवक्ता की जांच करते हुए टीम और पीलीभीत टाइगर रिजर्व के अंदर प्रवाहित माला नदी
HighLights
लखनऊ की जांच टीम को नदी के बहाव क्षेत्र में कुछ स्थानों पर मिले कब्जे
नदी की जुताई करके खेती करने से बाधित होगा नदियों का पर्यावरणीय प्रवाह
जागरण संवाददाता, पीलीभीत। लखनऊ की लाइफलाइन मानी जाने वाली गोमती नदी को अविरल बनाने के लिए गोमती व उसकी सहायक नदियों की गुणवत्ता, प्रवाह और भौगोलिक स्थिति की जांच करने करने के लिए लखनऊ से टीम ने जंगल के अंदर और बाहर नदी की सेहत की जांच की। लखनऊ से आई टीम माला नदी और कठिना नदी की जांच पीलीभीत टाइगर रिजर्व के अंदर जाकर की।
इसमें पता चला कि गोमती नदी के साथ ही माला और कठिना नदी का प्रवाह 40 प्रतिशत कम मिला, जो जनवरी के बाद बाधित होने की आशंका है। इसके अलावा नदी में कुछ स्थानों पर कब्जा भी मिला, जिसकी रिपोर्ट जांच टीम शासन को सौंपेगी।
जांच टीम के सदस्य का कहना है कि नदी के बहाव क्षेत्र में कब्जा होने से वहां उगने वाली वनस्पतियां नहीं बचती हैं। इससे नदियों का पर्यावरणीय प्रवाह बाधित होगा।
बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय (बीबीएयू) लखनऊ के पर्यावरण विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष व मंडल स्तरीय अविरल एवं निर्मल गोमती समिति के विशेष सदस्य प्रोफेसर वेंकटेश दत्ता के नेतृत्व में वैज्ञानिक डाॅ. राकेश कुशवाहा व डाॅ. अंकित कुमार के साथ ही शोधाार्थी कोमल लोशाली व आयुष्मा यादव वाली पांच सदस्यीय टीम शुक्रवार को पहुंची।
पहले दिन टीम ने गोमती उद्गम स्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद शनिवार को टीम ने पीलीभीत टाइगर रिजर्व के जंगल के अंदर प्रवाहित होने वाली माला नदी और कठिना नदी का निरीक्षण किया।
साथ ही गोमती नदी के बाहरी क्षेत्र में भी जांच की। जांच टीम ने पाया कि जंगल के अंदर बहने वाली माला नदी का अंदर प्रवाह अच्छा है। वहीं, गोमती नदी और कठिना नदी के साथ ही माला नदी का बाहर क्षेत्र का प्रवाह करीब 40 प्रतिशत कम है।
जिससे गर्मियां शुरू होते ही यह पूरी तरह से बाधित हो जाएगा, जिससे नदी मूल स्वरूप में नहीं रहेगी। हालांकि, तीनों नदियों में घुलित आक्सीजन का स्तर छह से सात मिलीग्राम प्रति लीटर मिला, जो मानक के अनुरूप है। टीडीएस वैल्यु भी सही मिली।
वहां से लखीमपुर खीरी में प्रवाहित होने वाली सहायक नदी सरायन की जांच की। इसके बाद रविवार को शाहजहांपुर व सीतापुर में प्रवाहित होने वाली भैंसी नदी की जांच करेंगे और सोमवार को हरदोई और लखनऊ में प्रवाहित होने वाली सहायक नदी बेहता की जांच करेंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।