रकम दोगुनी करने के नाम पर 90 हजार का चूना, 8 साल तक भटकता रहा पीड़ित; अब कोर्ट के आदेश पर कंपनी पर FIR
एक निधि कंपनी ने न्यूरिया के ग्रामीण से पैसे दोगुने करने का झांसा देकर 90 हजार रुपये ठग लिए। रकम ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
बरेली की कंपनी के डायरेक्टर, मैनेजर व एजेंट के विरुद्ध धोखाधड़ी का लगाया आरोप
संवाद सूत्र, न्यूरिया (पीलीभीत)। पांच साल में जमा रकम दोगुणा करने का भरोसा देकर एक निधि कंपनी ने ग्रामीण से 90 हजार रुपये जमा करा लिए। परिपक्वता अवधि पूरी होने के बाद जब खाताधारक अपनी रकम लेने पहुंचा तो उसे टालमटोल कर वापस कर दिया गया।
कई साल तक रुपये वापसी का इंतजार करने के बाद भी रकम नहीं मिली तो पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने न्यूरिया थाने में कंपनी के डायरेक्टर, मैनेजर और एजेंट के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्र के गांव न्यूरिया खुर्द शिवपुरिया पंडरी निवासी रोशन कुमार ने बताया कि वर्ष 2017 में बरेली की वेल म्यूचुअल बेनिफिट निधि लिमिटेड के एजेंट संजीव शर्मा ने उसे कंपनी की योजना बताई थी।
एजेंट ने भरोसा दिलाया था कि पांच वर्ष में जमा धनराशि दोगुणा हो जाएगी। इस पर उसने अपने रिश्तेदार के माध्यम से 31 जुलाई 2017 को 90 हजार रुपये जमा कराए। इसके एवज में 30-30 हजार रुपये की तीन रसीदें और एक अन्य रसीद दी गई।
कंपनी की ओर से जमा प्रमाणपत्र भी जारी किया गया, जिसमें परिपक्वता की तारीख 31 जुलाई 2022 दर्ज थी। आरोप है कि निर्धारित समय पूरा होने के बाद जब उसने एजेंट संजीव शर्मा से रुपये मांगे तो वह लगातार टालता रहा।
कई बार संपर्क करने पर भी रकम नहीं मिली। आरोप है कि एजेंट ने कंपनी के बंद होने और रुपये वापस न मिलने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया।
बताया कि उसने एजेंट के साथ कंपनी के जिम्मेदार लोगों से भी संपर्क किया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। यहां तक कि जमा पूंजी वापस मांगने पर उसे परेशान किया जाने लगा।
पीड़ित ने तीन जुलाई को पुलिस अधीक्षक को भी शिकायत भेजी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया। न्यायालय के आदेश पर न्यूरिया थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक सतीश चंद्र को सौंपी गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।