पीलीभीत में अधिवक्ता के साथ हवालात में बंदकर की गई मारपीट, इंस्पेक्टर समेत 3 पुलिसकर्मियों पर FIR
पीलीभीत के जहानाबाद थाने में अधिवक्ता को हवालात में बंद कर पीटने के आरोप में इंस्पेक्टर समेत तीन पुलिसकर्मियों पर मुकदमा दर्ज किया गया है।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
अधिवक्ता को हवालात में बंद कर पीटने का आरोप।
इंस्पेक्टर समेत तीन पुलिसकर्मियों पर दर्ज हुआ मुकदमा।
हाईकोर्ट के आदेश पर हुई यह बड़ी कार्रवाई।
जागरण संवाददाता, पीलीभीत। अधिवक्ता को हवालात में बंदकर पीटने के आरोप में जहानाबाद थाने के इंस्पेक्टर समेत तीन पुलिसकर्मियों पर मुकदमा दर्ज किया गया। इस प्रकरण में स्थानीय स्तर पर कार्रवाई नहीं होने पर अधिवक्ता ने हाईकोर्ट की शरण ली थी। वहां से आदेश होने पर बुधवार को इंस्पेक्टर जयशंकर सिंह, सिपाही मनोज कुमार व मोहम्मद इरफान के विरुद्ध अवैध रूप से हिरासत में रखने, अभद्रता, मारपीट, धमकाने की धाराओं में रिपोर्ट लिखी जा सकी।
नगर में रहने वाले हाईकोर्ट के अधिवक्ता रामानुज 27 अगस्त को एक पैरवी के सिलसिले में जहानाबाद थाने गए थे। उनका आरोप है कि बातचीत के दौरान सिपाही मनोज कुमार ने अभद्रता की। इसकी जानकारी दूसरे सिपाही मोहम्मद इरफान दी तो उन्होंने भी अपशब्द कहे।
दोनों पुलिसकर्मियों ने जबरन हवालात में बंद कर दिया। 1.17 घंटे अवैध रूप से हिरासत में रखकर पिटाई की। साथी अधिवक्ता आमिर खान तलाशते हुए थाने आए तो उनसे से अभद्रता की गई। इंस्पेक्टर जयशंकर सिंह ने धमकाया कि झूठे केस में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया जाएगा।
बाद में हवालात से बाहर निकाला गया, मगर मानसिक दबाव गया। कहा गया कि किसी से शिकायत की तो भविष्य खराब कर दिया जाएगा। रामानुज ने इसे मौलिक अधिकारों और अधिवक्ता की गरिमा का उल्लंघन बताते हुए थाना परिसर के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सुरक्षित रखने व निष्पक्ष जांच की मांग की। एएसपी हिमांशु गौरव ने बताया कि उच्चाधिकारियों से बात कर विवेचना क्राइम ब्रांच को स्थानांतरित कराई जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।