थकान बनी काल: कोल्हू पर सो रहे युवक को केला लदे ट्रक ने कुचला, दो मासूमों के सिर से उठा पिता का साया
पीलीभीत के शादिया लाडपुर में गन्ना कोल्हू पर सो रहे 26 वर्षीय मनोज कुमार को केले से लदे ट्रक ने ...और पढ़ें

मृत युवक का फाइल फोटो। सौ से इंटरनेट मीडिया
HighLights
गोंडा बहराइच से केला लेकर आया था ट्रक, ट्रक में की तोड़फोड़, चालक मौके से फरार
संवाद सहयोगी, बीसलपुर (पीलीभीत)। क्षेत्र के ग्राम शादिया लाडपुर में गन्ना क्रशर पर मजदूरी करने वाले युवक को गुरुवार की रात गोंडा बहराइच से केला लेकर आए ट्रक ने कुचल दिया। इससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल में घायल युवक को रेफर किया गया। जिला चिकित्सालय में घायल की सांसें थम गईं।
ग्राम शादिया लाडपुर निवासी 26 वर्षीय मनोज कुमार गांव के बाहर नहर मार्ग पर स्थित गन्ना कोल्हू पर मजदूरी करता था। गुरुवार की रात को 1:00 बजे के आसपास कोल्हू पर मिठाई तैयार हो रही थी।
गांव के तीन अन्य युवक उसके साथ काम कर रहे थे। काम करते-करते युवक थक गया तो कोल्हू पर जमीन पर ही बिस्तर लगाकर लेट गया। कोल्हू के समीप ही केले का प्लांट लगा हुआ है।
गोंडा बहराइच से 10 टायरा ट्रक में केला लेकर चालक आया था। लापरवाही से उसने जमीन पर लेटे युवक मनोज के ऊपर ट्रक चढ़ा दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत चिंताजनक होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया, जहां युवक की मृत्यु हो गई। हादसे से मृतक के परिवार में मातम छाया हुआ है।
मृत युवक की पत्नी व दो बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है। ट्रक चालक मौके से भागने में सफल रहा, जबकि ट्रक में आक्रोशित जन ने तोड़फोड़ भी की। प्रभारी निरीक्षक संजीव शुक्ला ने बताया कि विधिक कार्रवाई की जा रही है। ट्रक को थाने में खड़ा कराया जाएगा।