Moradabad Chhath Puja: भोर से ही पानी में खड़ी रहीं व्रती महिलाएं, उगते सूर्य को अर्घ्य देकर की सुख-समृद्धि की कामना
मुरादाबाद में छठ महापर्व के अंतिम दिन व्रती महिलाओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और संतान ...और पढ़ें

छठ के पावन अवसर पर घाट पर उगते सूर्य की पूजा करती व्रती महिलाएं
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। रात का अंधेरा छंटने लगा था। आसमान में लालिमा बिखरने से पहले ही सोमवार सुबह चार बजे से छठ व्रती महिलाएं दउरा और पूजन सामग्री लेकर घाटों पर पहुंचने लगीं।

गुप्ता रामगंगा घाट, लोकोशेड छठ घाट, बुद्धि विहार, आदर्श नगर, कपूर कंपनी, गागन नदी और आरपीएफ पोस्ट समेत शहर के सभी प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुट गई।

पानी में खड़े होकर महिलाएं सूर्यदेव के उदय होने की प्रतीक्षा करती रहीं। जैसे ही क्षितिज पर सूर्य की पहली लालिमा दिखाई दी, वैसे ही महिलाओं ने गाय के दूध से सूर्यदेव को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की खुशहाली की कामना की।

छठ गीतों और जयकारों से घाटों का वातावरण भक्तिमय हो उठा। उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन हुआ।

मान्यता है कि उगते सूर्य को अर्घ्य देने से जीवन में नई ऊर्जा, आरोग्य और सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मिलता है। यह परंपरा अंधकार से प्रकाश और निराशा से आशा की ओर बढ़ने का संदेश भी देती है।
