विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सरबजीत एनकाउंटर की जांच तेज: लखनऊ फोरेंसिक टीम ने किया रीक्रिएशन, पप्पू गुप्ता हत्याकांड का मुख्य शूटर था

Published: Wed, 25 Nov 2026 08:40 AM (IST)

लखनऊ से पहुंची फोरेंसिक टीम ने बिलसंडा में मुख्य शूटर सरबजीत सिंह उर्फ शिवम के पुलिस एनकाउंटर का रीक्रिएशन किया है। टीम ने घटनास्थल पर मुठभेड़ की परिस्थितियों और साक्ष्यों का परीक्षण कर जांच को आगे बढ़ाया है।

सरबजीत एनकाउंटर की जांच में लखनऊ फोरेंसिक टीम ने रीक्रिएशन के दौरान। जागरण

सरबजीत एनकाउंटर की जांच में लखनऊ फोरेंसिक टीम ने रीक्रिएशन के दौरान। जागरण

HighLights

  1. लखनऊ फोरेंसिक टीम ने एनकाउंटर स्थल का रीक्रिएशन किया

  2. सिटी मजिस्ट्रेट पहले ही घटनास्थल का निरीक्षण कर चुके थे

  3. सरबजीत सिंह पप्पू गुप्ता हत्याकांड का मुख्य शूटर था

जागरण संवाददाता, पीलीभीत। बिलसंडा में मुख्य शूटर सरबजीत सिंह उर्फ शिवम के पुलिस एनकाउंटर की जांच एक बार फिर तेज हो गई है। अब लखनऊ से पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर मुठभेड़ का रीक्रिएशन किया। टीम ने घटनाक्रम को दोहराते हुए मौके की परिस्थितियों और साक्ष्यों का परीक्षण किया।

सिटी मजिस्ट्रेट प्यारे लाल मौर्य भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच कर चुके हैं। अब फोरेंसिक टीम की पड़ताल से एनकाउंटर से जुड़े तथ्यों की जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।

पुलिस मुठभेड़ की कड़ियां जोड़ने पहुंची विशेषज्ञों की टीम

दरअसल, 28 मई 2026 को बिलसंडा कस्बे में ज्वाला मैरिज लान के पास कपड़ा व्यापारी पप्पू गुप्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह पड़ोसी साइकिल व्यापारी पंकज कटिहार के साथ हुए विवाद में बीच-बचाव करने पहुंचे थे। हमलावरों ने उनके सीने में गोली मार दी थी। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई थी। घटना के बाद पुलिस ने हत्याकांड के पर्दाफाश के लिए कई टीमें गठित की थीं। जांच में साजिश और सुपारी देकर हत्या कराने की बात सामने आई थी। पुलिस ने मामले में कई आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

इससे पहले सिटी मजिस्ट्रेट कर चुके हैं जांच

इस हत्याकांड के मुख्य शूटर और एक लाख रुपये के इनामी सरबजीत सिंह उर्फ शिवम की 28 जून को बिलसंडा थाना क्षेत्र के मरौरी शीतलपुर जंगल में पुलिस से मुठभेड़ हुई थी। इसमें उसकी मौत हो गई थी। एनकाउंटर की परिस्थितियों और पुलिस कार्रवाई से जुड़े तथ्यों की जांच के क्रम में पहले सिटी मजिस्ट्रेट प्यारे लाल मौर्य ने भी मौके का निरीक्षण किया था। अब लखनऊ से आई फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर मुठभेड़ का रीक्रिएशन किया और साक्ष्यों की जांच की।

थानाध्यक्ष जगदीप मलिक ने बताया कि फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची थी और घटनास्थल की जांच की गई है।

यह भी पढ़ें- मोहम्मद शरीफ हत्याकांड: CCTV में पीलीभीत तक दिखे शूटर, अब नेपाल भागने की आशंका; रडार पर मलेशिया से लौटे 13 लोग

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।