मोहम्मद शरीफ हत्याकांड: CCTV में पीलीभीत तक दिखे शूटर, अब नेपाल भागने की आशंका; रडार पर मलेशिया से लौटे 13 लोग
आतंकी हमले के आरोपित मोहम्मद शरीफ की हत्या के बाद शूटरों को बिलासपुर से पीलीभीत तक सीसीटीवी में देखा गया ...और पढ़ें

आतंकी हमले के आरोपी मृतक मोहम्मद शरीफ की फाइल फोटो
HighLights
सीसीटीवी फुटेज में पीलीभीत तक दिखे हैं शरीफ की हत्या करने वाले शूटर
पुलिस खंगाल रही सभी की कुंडली, आरोपितों की तलाश में एसटीएफ भी
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। आतंकी हमले के आरोपित मोहम्मद शरीफ की हत्या करने के बाद दोनों शूटर बिलासपुर होते हुए पीलीभीत तक जाते हुए देखे गए है। पुलिस द्वारा सीसीटीवी कैमरों की खंगाली फुटेज में दोनों पीलीभीत तक जाते हुए नजर आए है। अब पुलिस को अंदेशा है कि वहां से नेपाल जा सकते हैं।
बीते एक साल में रामपुर, मुरादाबाद जिले के 13 लोग मलेशिया गए है जो अब वापस अपने घरों में आ गए है। ऐसे में पुलिस उनकी कुंडली खंगालने में जुटी है। उधर आरोपितों की धड़पकड़ में लगी एसटीएफ टीम को भी अभी तक कोई क्लू नहीं मिला है।
रामपुर के सीआरपीएफ कैंप पर आतंकी हमले के आरोपित मोहम्मद शरीफ की हत्या करने वाले दोनों शूटरों की तलाश में लगी पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के माध्यम से आगे बढ़ रही है।
गुरुवार तक पुलिस ने बिलासपुर तक कैमरों की फुटेज खंगाली थी। जिसमें बाइक पर पीछे बैठा शूटर हुडी पहने हुए था, लेकिन वह बिलासपुर शहर में पहुंचने से पहले ही गायब हो गए थे।
इसके बाद पुलिस ने अन्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो स्पष्ट हो गया कि वह हत्या करने के बाद भागकर सीधे पीलीभीत पहुंचे हैं।
अब पुलिस को अंदेशा है कि दोनों शूटर पीलीभीत से उत्तराखंड की सीमा में प्रवेश कर गए है और यहीं से वह नेपाल जाने की फिराक में लगे हुए है। ऐसे में पुलिस की एक टीम नेपाल जाने वाले मार्गों पर भी पहुंच गई है।
वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मार्गों पर नजर बनाए हुए है। पुलिस को अंदेशा है कि अगर वह अभी तक नेपाल नहीं पहुंचे हैं तो किसी दिन भी वहां के लिए निकल सकते हैं।
उधर पुलिस बीते एक दो साल में मलेशिया जाने वालों की कुंडली भी खंगालने में लगी है। पुलिस पता कर रही है कि रामपुर और मुरादाबाद जिले के जो 13 लोग मलेशिया गए है वह किस काम से गए थे। मलेशिया से आने के बाद से उनकी गतिविधि क्या रही इस पर भी पुलिस नजर रखे हुए है।
100 से अधिक मोबाइल नंबरों की निकलवाई सीडीआर, नहीं मिला सुराग
पुलिस घटना स्थल के आसपास घटना के समय एक्टिव मोबाइल नंबरों की सूची निकलवाई है। सूची के आधार ऐसे 100 मोबाइल नंबर पुलिस ने चिह्नित किए जो संदिग्ध लग रहे थे। उसके बाद पुलिस ने उन सभी मोबाइल नंबरों की सीडीआर निकलवाई।
सीडीआर के माध्यम से भी पुलिस को कोई क्लू नहीं मिला है। अब पुलिस अन्य मोबाइल नंबरों की सीडीआर निकलवा रही है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को भी हिरासत में लिया था जिनसे पूछताछ के बाद से भी अभी तक शूटरों तक पहुंचने का कोई क्लू नहीं मिला है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।