पीलीभीत में बोले CM योगी: 'तुष्टिकरण से देश में आतंकवाद बढ़ा, अब संतुष्टीकरण से आ रहा रामराज्य'
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीलीभीत में कहा कि तुष्टिकरण की नीति से देश में आतंकवाद बढ़ा, जबकि अब संतुष्टीकरण से ...और पढ़ें

पीलीभीत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्वागत करते कथा व्यास
HighLights
सीएम योगी बोले- भ्रष्टाचार का पैसा अब विकास और जीर्णोद्धार में लग रहा
जागरण संवाददाता, बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान जनता को संबोधित करते हुए प्रदेश और देश के बदलते परिदृश्य पर विचार रखे। उन्होंने आस्था, विकास और सुशासन का संदेश देते हुए पिछली सरकारों की नीतियों और वर्तमान व्यवस्था के अंतर को स्पष्ट किया।
मुख्यमंत्री ने अपने पुराने दौरे का जिक्र करते हुए कहा, मैं पिछले दिनों बरेली आया था तो मन में प्रस्ताव को लेकर सवाल था कि क्या इतनी दूर गांव में यह आयोजन सफल होगा, लेकिन आज आप लोगों की यह भारी उपस्थिति देखकर अत्यंत प्रसन्नता हो रही है।
दुनिया के 200 देशों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सभी के पास अपनी उपलब्धियां और समस्याएं हैं। भारत और चीन की आबादी सबसे बड़ी है, लेकिन भारत दुनिया का अकेला ऐसा देश है जहां अनगिनत बोलियां और भाषाएं होने के बाद भी हर नागरिक का भाव एक है। इसका मुख्य कारण हमारी अटूट आस्था है, जो भारत की सबसे बड़ी ताकत है।

सीएम योगी ने कहा कि रामकथा आयोजन और रामलीला के पीछे हजारों वर्षों पुरानी परंपरा है। पंडित राधेश्याम की रामायण ने इस परंपरा को और ऊंचाइयों पर पहुंचाया, जिसे आज हम सब मिलकर आगे बढ़ा रहे हैं।
प्रभु राम का स्मरण करते हुए उन्होंने कहा कि सालों तक आस्था इस पीड़ा से जूझती रही कि रामलला टेंट में विराजमान हैं। 500 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद अब भव्य मंदिर का निर्माण हुआ है।
मुख्यमंत्री ने याद दिलाया, 2 नवंबर को मैं अयोध्या में था, यह वही तारीख है जब अतीत में रामभक्तों पर गोलियां चलाई गई थीं। लेकिन आज समय बदल चुका है, कल जब मैं दीपोत्सव की बैठक में गया तो देखा कि रामजी के दर्शन के लिए एक ही दिन में एक लाख श्रद्धालु पहुंचे थे।

पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों ने केवल समस्याएं दीं, जबकि रामभक्तों की सरकार आने के बाद श्रद्धालुओं को सुविधाएं दी जा रही हैं। जिस स्थान पर पहले रामभक्तों पर गोलियां चलती थीं, आज वहां हेलीकॉप्टर से उन पर फूल बरसाए जाते हैं।
आने वाली 7 तारीख को आयोजित होने वाले दीपोत्सव का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभु राम के आगमन की खुशी में दीप जलाए जाएंगे। यह एक-एक दीप केवल धार्मिक प्रतीक नहीं, बल्कि प्रदेश और देश के विकास का आधार बनेगा।
उन्होंने कहा कि हम मंदिरों में इसलिए जाते हैं ताकि हमारे भीतर की नकारात्मकता समाप्त हो सके। ज्ञान केवल श्रद्धावान और आस्थावान को ही प्राप्त होता है, जबकि जहां नकारात्मकता होती है वहां असंतोष पनपता है। आज देशवासी नए भारत का दर्शन कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि पहले जो सरकारी पैसा भ्रष्टाचार में बर्बाद होता था, वह अब मंदिरों के जीर्णोद्धार, सड़कों के निर्माण और गरीबों के राशन पर खर्च हो रहा है।
यही असली रामराज्य है, जहां बिना किसी भेदभाव के हर नागरिक को योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जब-जब देश तुष्टिकरण के मार्ग पर चला, तब-तब आतंकवाद बढ़ा। हमारी नीति तुष्टिकरण की नहीं, बल्कि हर नागरिक के संतुष्टीकरण की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।