बाघों के साये में ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को मिलेगी 'हाई-टेक' सुरक्षा, चूका बीच पर बनेंगी खास प्री-फेब्रिकेटेड हट
पीलीभीत टाइगर रिजर्व के चूका बीच पर वन निगम कर्मियों के लिए आधुनिक प्री-फेब्रिकेटेड हटें बनेंगी, जो उनकी सुरक्षा और सुविधाओं को बढ़ाएंगी। ये हटें कर्मचारियों को वन्यजीवों और खराब मौसम से बचाएंगी, जिससे उनकी कार्यक्षमता बढ़ेगी और पर्यटकों को बेहतर सेवा मिलेगी।

एआई इमेज
HighLights
छह लोगों की क्षमता वाली इन आधुनिक हटों में होंगी सभी बुनियादी सुविधाएं
जागरण संवाददाता, पीलीभीत। पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) के प्रमुख पर्यटन स्थल चूका बीच पर अब पर्यटकों के साथ-साथ वहां तैनात वन निगम के कर्मचारियों की सुरक्षा और सुविधाओं को भी प्राथमिकता दी जा रही है। घने जंगल के बीच रहकर पर्यटन व्यवस्थाएं संभालने वाले वन निगम कर्मियों के लिए जल्द ही दो नई और आधुनिक प्री-फेब्रिकेटेड हटें स्थापित की जाएंगी।
इन हटों की कुल क्षमता छह लोगों की होगी और इनमें कर्मचारियों की सुविधा से जुड़ी सभी आवश्यक चीजें मौजूद रहेंगी। शारदा सागर डैम के किनारे और जंगल के कोर जोन के करीब स्थित चूका बीच पर बाघ, तेंदुआ व अन्य वन्यजीवों की चहलकदमी सामान्य बात है।
ऐसे संवेदनशील और दुर्गम माहौल में ड्यूटी के दौरान कर्मचारियों को सुरक्षित व आरामदायक आवासीय सुविधा मुहैया कराना बेहद जरूरी है। नई प्री-फेब्रिकेटेड हटों के स्थापित होने से कर्मचारियों को रात के समय वन्यजीवों से अतिरिक्त सुरक्षा मिल सकेगी।
इसके साथ ही सर्दी, गर्मी और बारिश जैसे विपरीत मौसम में भी उन्हें रहने के लिए एक मजबूत व टिकाऊ स्थान उपलब्ध होगा। गौरतलब है कि मौजूदा पर्यटन सत्र की शुरुआत से पहले ही पीटीआर प्रशासन ने चूका बीच का कायाकल्प किया है।
पर्यटकों के ठहरने के लिए वर्षों पहले बनाई गई पुरानी बांस की हटों को हटाकर उनके स्थान पर सुरक्षित, आधुनिक और सुविधाजनक प्री-फेब्रिकेटेड हटें स्थापित कर दी गई थीं। पुरानी बांस की हटें समय के साथ कमजोर हो रही थीं और उनके रखरखाव में भी दिक्कतें आती थीं।
पर्यटकों के लिए की गई इस नई व्यवस्था को काफी सराहा जा रहा है। अब पर्यटकों के बाद वन निगम के उन कर्मचारियों की आवासीय व्यवस्था को दुरुस्त किया जा रहा है।
प्री-फेब्रिकेटेड स्ट्रक्चर जंगल के पर्यावरण के अनुकूल होते हैं और इन्हें कम समय में आसानी से स्थापित किया जा सकता है। कर्मचारियों को सुरक्षित और सुविधाजनक आवास मिलने से उनकी कार्यक्षमता बेहतर होगी।
जिसका सीधा लाभ चूका बीच पहुंचने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को बेहतर सेवाओं के रूप में मिलेगा। पीटीआर के डीएफओ मनीष सिंह ने बताया कि वन निगम के कर्मियों की सुरक्षा के दृष्टिगत हटें स्थापित होनी हैं। जल्द ही इनकी स्थापना कर दी जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।