विदेश में भी गूंजा यूपी की बेटियों का नाम, नेपाल दूतावास में सम्मानित हुईं बीसलपुर की 'सुपर फास्ट मेमोरी' बहनें
बीसलपुर की हनी और हंसी सिंह, जिन्हें 'इंडिया की सुपर फास्ट मेमोरी मशीन' के नाम से जाना जाता है, को नई दिल्ली स्थित नेपाल दूतावास में सम्मानित किया गया।

नेपाल दूतावास में सम्मानित की गईं बहनें। स्रोत: स्वयं
HighLights
मिनिस्टर काउंसलर अंबिका जोशी ने हनी और हंसी को प्रदान किया सराहना प्रशस्ति-पत्र
संवाद सहयोगी, बीसलपुर (पीलीभीत)। अपनी विलक्षण स्मरण शक्ति के चलते अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इंडिया की सुपर फास्ट मेमोरी मशीन नाम से विख्यात बीसलपुर की हनी सिंह और हंसी सिंह को नई दिल्ली स्थित नेपाल दूतावास में सम्मानित किया गया है।
नेपाल दूतावास के मिनिस्टर काउंसलर एवं प्रवक्ता अंबिका जोशी ने दोनों बहनों को दूतावास में आमंत्रित कर उनके सामाजिक सरोकारों की सराहना करते हुए प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया।
कस्बे के पटेल नगर कालोनी निवासी शिक्षक दिग्विजय सिंह की पुत्री हनी और हंसी को यह सम्मान नेपाल में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यों के लिए दिया गया है।
दोनों बहनों ने नेपाल में बेटी पढ़ाओ अभियान, पर्यावरण स्वच्छता अभियान तथा भारत-नेपाल मैत्री कार्यक्रमों को बढ़ावा देने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। उन्होंने नेपाल में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित पीड़ितों की सहायता के लिए भी सराहनीय प्रयास किए हैं।
दोनों बहनों को इससे पूर्व भी नेपाल की विभिन्न संस्थाओं से कई प्रशस्ति-पत्र मिल चुके हैं। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत उत्कृष्ट कार्य करने पर वे गिनीज बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड में भी अपना नाम दर्ज करा चुकी हैं।
अपनी प्रतिभा और सेवा भाव के दम पर हनी और हंसी को देश के अनेक प्रतिष्ठित मंचों पर भी सम्मान मिला है। उन्हें प्रधानमंत्री, चार मुख्यमंत्रियों, तीन राज्यपालों और केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री द्वारा सम्मानित किया जा चुका है।
बीते दिनों झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने भी दोनों बहनों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया था। बीसलपुर की बेटियों की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। वहीं, स्वजन बेटियों के उज्जवल भविष्य की कामना कर रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।