पति की कम आमदनी और आर्थिक तंगी से बदला जीवन, ससुर के हुनर से राजेश्वरी ने बदली पूरे परिवार की किस्मत
आर्थिक तंगी से जूझते हुए बीसलपुर की राजेश्वरी देवी ने ससुर से मिट्टी के बर्तन बनाने का हुनर सीखा। अब ...और पढ़ें

बीसलपुर में चाक पर दिए बनाती राजेश्वरी। जागरण
HighLights
अब पति-देवर और देवरानी के साथ दिन-रात बना रहीं दीये और पुरुये
जितेंद्र गंगवार, बीसलपुर (पीलीभीत)। दीपावली पर घर-आंगन रोशन करने के लिए बाजार में भले ही मशीनों से बने दीयों की भरमार हो, लेकिन मिट्टी के दीयों की असली चमक आज भी हाथों के हुनर में छिपी है। नगर के मुहल्ला ग्यासपुर की राजेश्वरी देवी ने आर्थिक तंगी के आगे हार मानने के बजाय चाक को अपना सहारा बनाया।
कभी परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हुआ तो उन्होंने ससुर से मिट्टी के बर्तन बनाने का हुनर सीखा। आज वही हुनर उनके परिवार की आजीविका और पहचान बन गया है। दीपोत्सव नजदीक आते ही राजेश्वरी का पूरा परिवार दिन-रात चाक पर जुटा हुआ है।
मिट्टी की हर लोई को आकार देकर वह दीये, पुरुये, कुल्हड़, मटकी, गुल्लक और छोटी हांडी बना रही हैं। राजेश्वरी बताती हैं कि उनके परिवार में मिट्टी के बर्तन बनाने का काम पीढ़ियों से होता आ रहा है।
उनके ससुर नत्थू लाल भी इसी काम से परिवार का भरण-पोषण करते थे। करीब 22 वर्ष पहले अमरिया के भौंनी गांव से उनकी शादी बीसलपुर निवासी सत्यपाल के साथ हुई थी।
मायके में भी दीपावली पर दीये बनाने का काम होता था, लेकिन उन्होंने कभी इस काम में हाथ नहीं आजमाया था। शादी के बाद तीन बेटों और एक बेटी की जिम्मेदारी बढ़ी तो परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा होने लगा।
पति सत्यपाल अपने पिता के साथ कुल्हड़ बनाने का काम करते थे, लेकिन आमदनी इतनी नहीं थी कि परिवार का खर्च आसानी से चल सके। ऐसे में करीब दस वर्ष पहले राजेश्वरी ने ससुर नत्थू लाल से चाक पर मिट्टी के बर्तन बनाने का हुनर सीखना शुरू किया।
धीरे-धीरे उन्होंने दीये, कुल्हड़, गमले, मटकी, गुल्लक और छोटी हांडी बनाने में महारत हासिल कर ली। ससुर की मृत्यु के बाद उन्होंने इस काम की जिम्मेदारी और मजबूती से संभाल ली। अब इस पारंपरिक काम में पूरा परिवार उनका साथ देता है।
राजेश्वरी और उनके देवर मानसिंह मोटर वाले चाक पर मिट्टी को आकार देते हैं, जबकि पति सत्यपाल और देवरानी अनु कच्चे बर्तनों को भट्ठी में पकाने का काम करते हैं। परिवार के हर सदस्य की मेहनत से ही दीपावली के लिए दीयों की खेप तैयार हो रही है।
राजेश्वरी के लिए यह काम महज रोजी-रोटी का जरिया नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता और आत्मसम्मान की पहचान भी है। आधुनिकता के दौर में मशीनों से बने उत्पादों ने कुम्हारों के पारंपरिक कारोबार के सामने चुनौती खड़ी कर दी है।
इसके बावजूद राजेश्वरी ने चाक की रफ्तार धीमी नहीं होने दी। उनके हाथों से तैयार मिट्टी के दीये इस दीपावली भी घरों को रोशन करेंगे। बाजार में भले ही बिजली की झालरों की चमक बढ़ गई हो, लेकिन राजेश्वरी जैसी महिलाओं के संघर्ष और हुनर की लौ आज भी जगमगा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।