बीड़ी की एक चिंगारी ने ले ली जान: आग की लपटों में घिरे रहे पैरालाइसिस पीड़ित बुजुर्ग, मदद के लिए आवाज भी न लगा सके
बीसलपुर में बीड़ी की चिंगारी से झोपड़ी में लगी आग में एक 70 वर्षीय पैरालाइसिस पीड़ित दफेदार बुरी तरह झुलस गए। बोलने और चलने में असमर्थ होने के कारण वे मदद नहीं मांग पाए और गुरुवार सुबह जिला अस्पताल में उनकी मौत हो गई।

पीलीभीत के ग्राम खनका में आग लगने के बाद जली पड़ी चारपाई व झोपड़ी और मृतक दफेदार का फाइल फोटो
संवाद सहयोगी, बीसलपुर (पीलीभीत)। बीड़ी पीने की लत वृद्ध के लिए जानलेवा साबित हुई। बीड़ी जलाने के दौरान उठी चिंगारी से रजाई और पन्नी की झोपड़ी में आग लग गई। इससे हुए हादसे में वह झुलस गए। पैरालाइसिस होने से 70 वर्षीय दफेदार आग की लपटे उठने के बावजूद निकल नहीं पाए और अपनी जान बचाने के लिए किसी को पुकार भी नहीं सके।
आग की लपटें उनकी देह को झुलसा रही थीं, लेकिन मदद के लिए उनके मुंह से बोल भी नहीं फूट पा रहे थे। आसपास के लोगों नेझोपड़ी से धुआं उठता देखा तो उनको बचाने के लिए दौड़े।
गंभीर रूप से झुलसने के कारण उनको प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। गुरुवार सुबह जिला अस्पताल में उनकी मौत हो गई। दफेदार को तीन वर्ष पहले पैरालाइसिस का अटैक पड़ा था।
इसके बाद से वह चल-फिर नहीं पाते थे और बोलने में भी असमर्थ थे। तीन वर्ष से स्वजन बिस्तर पर ही उनके खान-पान और देखभाल का इंतजाम करते थे। बुधवार दोपहर को दफेदार पन्नी से बनाई गई झोपड़ी में लेटे थे।
बीड़ी पीने के लिए उन्होंने माचिस जलाई, तभी चिंगारी से उनकी रजाई में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने पूरी झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। बोल नहीं पाने के कारण वह शोर नहीं मचा सके।
झोपड़ी से तेज धुआं उठता देख स्वजन और पड़ोसियों को घटना का पता चला तो वे बचाने दौड़े, लेकिन तब तक दफेदार सिंह बुरी तरह झुलस चुके थे। इसके बाद स्वजन उन्हें तुरंत सीएचसी ले गए।
प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। गुरुवार सुबह उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक दफेदार के पुत्र संतराम ने बताया कि परिवार में तीन भाई और तीन बहनें हैं।
सभी की शादी हो चुकी है और वह अकेले अविवाहित हैं। कोतवाली प्रभारी संजीव कुमार शुक्ला ने बताया कि बुजुर्ग की मौत की सूचना मिल गई है।
यह भी पढ़ें- Gorakhpur-Shamli Expressway: पीलीभीत के 42 गांवों में जमीन का सर्वे पूरा, अब किसानों की झोली में गिरेंगे करोड़ों