विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यमुना प्राधिकरण ने न्यू आगरा मास्टर प्लान 2041 को दी मंजूरी, 14 हजार हेक्टेयर में बसेगा नया शहर

Published: Fri, 27 Nov 2026 07:40 AM (IST)

यमुना प्राधिकरण की 94वीं बोर्ड बैठक में आगरा अर्बन सेंटर के मास्टर प्लान 2041 को मंजूरी मिली, जो 14 हजार हेक्टेयर में विकसित होगा। 

यमुना प्राधिकरण ने न्यू आगरा मास्टर प्लान 2041 को दी मंजूरी ( एआई जेनरेटेड इमेज)

यमुना प्राधिकरण ने न्यू आगरा मास्टर प्लान 2041 को दी मंजूरी ( एआई जेनरेटेड इमेज)

HighLights

  1. आगरा अर्बन सेंटर 14 हजार हेक्टेयर में होगा विकसित।

  2. चंडीगढ़ की तर्ज पर हरित व इको-फ्रेंडली शहर बनेगा।

  3. डिज़नीलैंड, स्पोर्ट्स विलेज संग 8.5 लाख रोजगार सृजन।

रनजीत मिश्रा, ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण (यीडा) की 94वीं बोर्ड बैठक में आगरा अर्बन सेंटर के मास्टर प्लान 2041 के प्रारूप व भू-उपयोग मानचित्र को मंजूरी दी गई।

आगरा अर्बन सेंटर करीब 14 हजार हेक्टेयर में विकसित होगा। यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे विकसित होने वाले इस नए अर्बन सेंटर में उद्योग व आवास एक साथ विकसित होंगे। नया अर्बन सेंटर चंडीगढ़ की तर्ज पर हरित व इको फ्रैंडली शहर के रूप में बसाने की योजना है।

पर्यटन व मनोरंजन पर केंद्रित इस शहर में डिज्नीलैंड, यूनिवर्सल स्टूडियो व थीम पार्क बनेंगे। लग्जरी होटल, रिसॉर्ट, आधुनिक सम्मेलन व प्रदर्शनी स्थल संग 100-100 हेक्टेयर में स्पोर्ट्स विलेज व गोल्फ कोर्स प्रस्तावित हैं।

स्पोर्ट्स विलेज में होंगी विभिन्न सुविधाएं

स्पोर्ट्स विलेज में विभिन्न खेलों के मैदान व सुविधाएं होंगी, ताकि युवा ओलिंपिक सहित राज्य, राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी कर सकें। भारतीय धरोहर व भविष्यवादी थीम संग वर्चुअल व आगमेंटेड रियलिटी का उपयोग भी होगा।

न्यू आगरा में 14.6 लाख लोगों के रहने की क्षमता होगी। करीब 8.5 लाख रोजगार सृजन का अनुमान है। अब प्रस्ताव उत्तर प्रदेश शासन के अनुमोदन को जाएगा।

बृहस्पतिवार को बैठक की अध्यक्षता अवस्थापना व औद्योगिक विकास आयुक्त व यीडा अध्यक्ष आलोक कुमार ने की। मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने एजेंडा प्रस्तुत किया।

रिवर बफर से सुंदरता को लगेंगे चार चांद

शहर में 823.7 हेक्टेयर में ग्रीन रिवर बफर जोन विकसित होगा। यहां रंग-बिरंगे फूलों, दुर्लभ पेड़-पौधों संग योग, आयुर्वेदिक मसाज व उपचार के अलावा मिट्टी के बर्तन, लकड़ी की कारीगरी, कपड़ा रंगाई, बुनाई व पेंटिंग आदि को जगह मिलेगी। प्रकृति से जुड़ा बायोफिलिक वेलनेस सेंटर बनेगा।

आवासीय आवंटियों को एक साल की राहत

बोर्ड ने आवासीय भूखंडों की लीज डीड के बाद भवन निर्माण की निश्शुल्क समय सीमा 31 दिसंबर 2026 से बढ़ाकर 31 दिसंबर 2027 की। इससे आवंटियों को बिना पेनल्टी व अतिरिक्त शुल्क के निर्माण का समय मिलेगा। कुछ पाकेट्स में किसानों के वाद व कोर्ट के स्थगन आदेशों से भूमि उपलब्ध नहीं हो सकी है।

पिछले वर्ष के सापेक्ष चार गुना बढ़ीं प्राप्तियां

बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में 30 अक्टूबर 2026 तक प्राधिकरण की कुल प्राप्तियां 7071.48 करोड़ रुपये रहीं, जो पिछले वर्ष से करीब चार गुना हैं।

यमुना प्राधिकरण की ओर से जो योजनाएं आती हैं, जिनमें आवासीय योजनाएं को छोड़ बिल्डर हाउसिंग, इंडस्ट्री,कमर्शियल,संस्थागत नीलामी से आवंटित होती हैं, जिससे धन मिलता है। आवंटियों से बकाया वसूली, नक्शा पास करना आदि से भी आय होती है। यमुना प्राधिकरण की बकाया वसूली में सख्ती भी अहम है।

भू अधिग्रहण पर 4985.47 करोड़ व नरेन्द्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 565.15 करोड़ खर्च हुए।
बोर्ड ने कार्पस फंड विनियमावली, निजी बिजनेस पार्क योजना-2025,सेक्टर 4ए व पांच में किसानों से सहमति पर भूमि क्रय,सर्विस मास्टर प्लान 2041,जिकरपुर रोड मरम्मत, वेस्ट मैनेजमेंट बायलाज 2026, रेस्को पर रूफ टाप सोलर प्लांट व माडल भवन विनियम 2026 को मंजूरी दी।

यह भी पढ़ें- विज्ञान के प्रति बढ़ रहा विद्यार्थियों का रुझान, CBSE में रसायन शास्त्र में दर्ज हुई अब तक सबसे बड़ी बढ़ोतरी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।