विज्ञान के प्रति बढ़ रहा विद्यार्थियों का रुझान, CBSE में रसायन शास्त्र में दर्ज हुई अब तक सबसे बड़ी बढ़ोतरी
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 12वीं की परीक्षा में विज्ञान विषयों के प्रति विद्यार्थियों का रुझान तेजी से बढ़ा है, जिसमें रसायन विज्ञान में 70% की वृद्धि दर्ज की गई है।

विज्ञान के प्रति बढ़ रहा छात्रों का रुझान ( एआई जेनरेटेड इमेज)
HighLights
रसायन विज्ञान में 70% और भौतिकी में 58% पंजीकरण बढ़े।
2027 के लिए 19 लाख पंजीकरण, आधे से अधिक विज्ञान में।
विज्ञान वर्ग में छात्राओं की संख्या कला वर्ग से अधिक।
रितिका मिश्रा, नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 12वीं की परीक्षा में विज्ञान विषयों के प्रति विद्यार्थियों का रुझान लगातार बढ़ रहा है।
पिछले आठ वर्षों में रसायन विज्ञान में पंजीकरण कराने वाले द्यार्थियों की संख्या में 70 प्रतिशत, भौतिकी में करीब 58 प्रतिशत और गणित में 55 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
विद्यार्थियों के पसंद का अंतर बढ़ा
वहीं, वाणिज्य संकाय के प्रमुख विषय बिजनेस स्टडीज और अकाउंटेंसी में यह वृद्धि करीब 32 प्रतिशत रही है। इससे विज्ञान और वाणिज्य संकाय के विषयों के बीच विद्यार्थियों की पसंद का अंतर और बढ़ गया है।
सीबीएसई की वर्ष 2027 की 12वीं बोर्ड परीक्षा के लिए अब तक रिकार्ड 19 लाख विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है। इनमें आधे से अधिक विद्यार्थियों ने अलग-अलग तौर पर रसायन विज्ञान और भौतिकी विषय चुना है।
अंग्रेजी के बाद रसायन विज्ञान सबसे लोकप्रिय विषय बनकर उभरा है। इसमें करीब 10.8 लाख विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है, जो कुल परीक्षार्थियों का लगभग 57 प्रतिशत है। भौतिकी में करीब 10 लाख विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है, जो कुल परीक्षार्थियों का 52.6 प्रतिशत है।
वहीं, गणित में 8.3 लाख विद्यार्थियों ने रुचि दिखाई है। यह कुल परीक्षार्थियों का 43.4 प्रतिशत है। अंग्रेजी में सबसे अधिक 18.5 लाख विद्यार्थियों का पंजीकरण हुआ है। वाणिज्य संकाय के विषयों में इकोनॉमिक्स के लिए 5.8 लाख, बिजनेस स्टडीज के लिए 4.51 लाख और अकाउंटेंसी के लिए 4.5 लाख विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है।
रसायन विज्ञान और बिजनेस स्टडीज के बीच बढ़ा अंतर
आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2019 में रसायन विज्ञान और भौतिकी में करीब 6.4-6.4 लाख विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था, जबकि गणित में 5.3 लाख और इकोनॉमिक्स में 4.3 लाख विद्यार्थियों ने विषय चुना था।
उस समय बिजनेस स्टडीज और अकाउंटेंसी में करीब 3.4-3.4 लाख विद्यार्थी थे। वर्ष 2019 में केमिस्ट्री और बिजनेस स्टडीज के बीच विद्यार्थियों की संख्या का अंतर 2.9 लाख था, जो 2027 में बढ़कर 6.3 लाख हो गया है। इसी तरह फिजिक्स और अकाउंटेंसी के बीच का अंतर भी 2.9 लाख से बढ़कर 5.5 लाख पहुंच गया है।
पांच साल में 31 प्रतिशत बढ़े परीक्षार्थी
सीबीएसई की 12वीं की परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। वर्ष 2022 में जहां 14.5 लाख विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था, वहीं 2023 में यह संख्या 16.9 लाख, 2024 में 17 लाख और 2025 में 17.8 लाख रही।
वर्ष 2026 में पंजीकरण बढ़कर 18.6 लाख पहुंच गया। वहीं, 2027 के लिए अब तक के अस्थायी आंकड़ों में 19 लाख पंजीकरण दर्ज किए गए हैं।शिक्षा मंत्रालय के विश्लेषण के अनुसार, वर्ष 2024 में देशभर में 12वीं पास करने वाले विद्यार्थियों में विज्ञान वर्ग की हिस्सेदारी 47 प्रतिशत रही, जो 2023 में 44 प्रतिशत थी।
खास बात यह रही कि कम से कम एक दशक में पहली बार वर्ष 2024 में विज्ञान विषयों से 12वीं पास करने वाली छात्राओं की संख्या कला वर्ग की छात्राओं से अधिक रही।
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में ऑनलाइन स्वगणना में बचें हैं सिर्फ 4 दिन, ऐसे निपटाएं अपना जरूरी काम
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।