यमुना प्राधिकरण प्लॉट स्कीम: 18 जून को निकलेगा लकी ड्रॉ, शुरू हुई 1 लाख से अधिक आवेदनों की जांच
यमुना प्राधिकरण ने आवासीय भूखंड योजना के आवेदनों की जांच शुरू कर दी है। आवेदकों की सूची इस माह के ...और पढ़ें

यमुना प्राधिकरण ने आवासीय भूखंड योजना के आवेदनों की जांच शुरू कर दी है।
HighLights
यीडा ने आवासीय भूखंड आवेदनों की जांच शुरू की।
आवेदकों की सूची माह के अंत तक अपलोड होगी।
भूखंड योजना की लॉटरी 18 जून को होगी।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण ने छह मई को समाप्त हुई आवासीय भूखंड योजना में मिले आवेदनों की जांच शुरू कर दी है। इस माह के अंत तक प्राधिकरण आवेदकों की सूची अपनी वेबसाइट पर अपलोड कर देगा। आवेदकों को आपत्ति दर्ज कराने का मौका दिया जाएगा। 18 जून को योजना की लाटरी से पहले आवेदकों की सूची अपलोड कर दी जाएगी।
यमुना प्राधिकरण ने छह अप्रैल को 973 आवासीय भूखंडों की योजना निकाली थी। छह मई को योजना समाप्त हो गई। योजना में प्राधिकरण को एक लाख से अधिक आवेदन मिले हैं। आनलाइन आवेदन का विकल्प दिया गया था। प्राधिकरण ने आवेदनों के जांच का काम शुरू कर दिया है। आवेदनों में दर्ज जानकारी के साथ पंजीकरण राशि आदि की जांच की जाएगी। इसके साथ ही प्राधिकरण यह भी सुनिश्चित करेगा कि आवेदकों को पूर्व में प्राधिकरण की किसी योजना में आवासीय भूखंड तो आवंटित नहीं हुआ है।
दस्तावेजों की जांच के बाद आवेदकों की सूची प्राधिकरण की वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी। इसमें जांच में मिली आपत्ति भी अंकित होगी। आवेदकों को प्राधिकरण की आपत्ति पर आन लाइन ईमेल के जरिये दस्तावेज उपलब्ध कराने होंगे।
प्राधिकरण के एसीईओ शैलेंद्र भाटिया का कहना है कि अंतिम रूप से तैयार आवेदकों की सूची जून के पहले सप्ताह तक प्राधिकरण के वेबसाइट पर अपलोड कर दी जाएगी। इसमें शामिल आवेदकों को 18 जून को प्रस्तावित लाटरी में शामिल होने का मौका मिलेगा। उनके नाम की पर्ची निकालकर भूखंड का आवंटन होगा।
उधर प्राधिकरण 40 वर्गमीटर श्रेणी के भूखंडोंं के लिए सेक्टर में जमीन चिह्नित कर रहा है। रेरा के नियम के अनुसार योजना के पंजीकरण के लिए जमीन यीडा के नाम पर दर्ज होना जरूरी है। इसलिए प्राधिकरण आवासीय सेक्टर में उस जमीन को चिह्नित कर रहा है, जो उसके नाम पर दर्ज है। इसके बाद योजना में भूखंडों की संख्या तय कर रेरा पंजीकरण की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
