नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की सुरक्षा हुई चाक-चौबंद, 15 जून से उड़ानों की शुरुआत; अस्थाई भवन में शुरू हुआ डोमेस्टिक थाना
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षा के लिए डोमेस्टिक थाने का संचालन अस्थाई रूप से शुरू हो गया है, जबकि इंटरनेशनल थाने का निर्माण जल्द होगा।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षा के लिए डोमेस्टिक थाने का संचालन अस्थाई रूप से शुरू हो गया है
HighLights
डोमेस्टिक थाने का संचालन अस्थाई रूप से शुरू।
इंटरनेशनल थाने का निर्माण जल्द होगा।
6.5 करोड़ रुपये का एस्टीमेट पीडब्ल्यूडी ने भेजा।
जागरण संवाददाता, जेवर। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के संचालन के साथ ही उसकी सुरक्षा व्यवस्था बेहतर रखने के लिए डोमेस्टिक थाने का संचालन शुरू हो गया है। साल के अंत तक इंटरनेशनल उड़ानों के संचालन से पहले इंटरनेशनल टर्मिनल थाने का भी संचालन शुरू हो जाएगा।
शासन से मंजूरी मिलने के बाद थाना प्रभारी को छोड़कर 47 पुलिस कर्मियों की तैनाती कर दी गई। एयरपोर्ट पर दोनों थानों के निर्माण की जिम्मेदारी पीडब्ल्यूडी की निर्माण इकाई को दी गई है। पीडब्ल्यूडी ने चार मंजीला थानों का लगभग साढ़े छह करोड़ रुपये का एस्टीमेट तैयार कर शासन को भेज दिया है। स्वीकृति मिलने के साथ ही एयरपोर्ट पर दोनों थानों का निर्माण शुरू हो जाएगा।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जेवर से 15 जून को इंडिगो अपने हवाई सेवाएं शुरू करने जा रही है। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कमिश्नरेट पुलिस ने डोमेस्टिक टर्मिनल थाने का संचालन अस्थाई भवन में शुरू कर दिया है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के डोमेस्टिक थाने पर वरिष्ठ सब इंस्पेक्टर के अलावा 47 पुलिसकर्मीयों की तैनाती की जा चुकी है।
थाना प्रभारी की तैनाती अभी नहीं हो सकी है। संचालन से पहले जल्द थाना प्रभारी की तैनाती की जाएगी। इंटरनेशनल और डोमेस्टिक थानों के निर्माण के लिए 1020 वर्गमीटर जमीन उपलब्ध कराई गई है, जहां तीन मंजिला थानों के भवनों का निर्माण किया जाना है। पुलिस विभाग के प्रस्ताव के बाद पीडब्ल्यूडी की बिल्डिंग डिवीजन इकाई ने एस्टीमेट तैयार करते हुए भेज दिया है एस्टीमेट को स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
आधुनिक डिजिटल पुलिसिंग से जुड़ेंगे दोनों थाने
इंटरनेशनल व डोमेस्टिक टर्मिनल नाम से दो नए थाने बनाए जाएंगे। शासन से इन दोनों थानों की मंजूरी मिल चुक है। इनके साथ चार अस्थाई पुलिस चौकियां भी होंगी। थाने और चौकियों को आधुनिक डिजिटल पुलिसिंग सिस्टम से जोड़ा जाएगा। एयरपोर्ट पर तैनात किए गए पुलिसकर्मीयों को पुलिस विभाग की तरफ से लखनऊ में विशेष ट्रेेनिंग दी गई है।
पुलिस विभाग के प्रस्ताव पर नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 1020 वर्गमीटर में तीन मंजिला इमारत के निर्माण के लिए लगभग साढ़े छह करोड़ रुपये का एस्टीमेट तैयार कर भेजा गया है स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण की प्रक्रिया तुरंत शुरू करा दी जाएगी।
-तृष पाल, सहायक अभियंता, पीडब्यूडी बिल्डिंग डिवीजन मेरठ
वर्तमान में एयरपोर्ट डोमेस्टिक टर्मिनल थाने की व्यवस्था
| पद | संख्या |
|---|---|
| थाना प्रभारी | तैनाती नहीं |
| वरिष्ठ सब इंस्पेक्टर | 1 |
| सब इंस्पेक्टर | 11 |
| हेड कांस्टेबल | 14 |
| महिला कांस्टेबल | 2 |
| कांस्टेबल | 17 |
| चालक | 3 |
