विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नोएडा एयरपोर्ट के पास फिनटेक सिटी का नया प्लान, 4 बड़ी कंपनियां आईं आगे; अब अपना घर खरीदने का भी मौका

Published: Thu, 09 Jul 2026 01:02 PM (IST)

यमुना प्राधिकरण की प्रस्तावित फिनटेक सिटी परियोजना में कंपनियों ने आवासीय सुविधा देने का सुझाव दिया है। चार कंपनियों ने ...और पढ़ें

फिनटेक सिटी में अब घर खरीदने का भी मौका। फोटो: आर्काइव

फिनटेक सिटी में अब घर खरीदने का भी मौका। फोटो: आर्काइव

HighLights

  1. फिनटेक सिटी में आवासीय सुविधा देने का कंपनियों का सुझाव

  2. चार कंपनियों ने परियोजना के विकास में रुचि दिखाई

  3. 15 जुलाई को बोर्ड बैठक में सुझावों पर होगा विचार

जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण के सेक्टर-11 में प्रस्तावित फिनटेक सिटी परियोजना में आवासीय सुविधा भी शामिल की जा सकती है। इस संबंध में कंपनियों ने बुधवार को यमुना प्राधिकरण कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान सुझाव दिया।

कंपनियों के प्रतिनिधियों ने प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) आरके सिंह के समक्ष परियोजना पर अपना प्रस्तुतिकरण भी दिया।

कंपनियों के सुझावों पर होगा विचार

प्राधिकरण ने बताया कि कंपनियों से मिले सुझावों की व्यावहारिकता का परीक्षण किया जाएगा। इसके बाद उपयुक्त सुझावों को रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल (आरएफपी) में शामिल करने का निर्णय लिया जाएगा।

संशोधित आरएफपी को 15 जुलाई को प्रस्तावित यमुना प्राधिकरण की बोर्ड बैठक में विचार के लिए रखा जाएगा।

750 एकड़ में विकसित होगी फिनटेक सिटी

यमुना प्राधिकरण नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निकट वित्तीय गतिविधियों का प्रमुख केंद्र विकसित करने के उद्देश्य से सेक्टर-11 में 750 एकड़ क्षेत्र में फिनटेक सिटी बसाने की योजना पर काम कर रहा है।

पहले चरण में 250 एकड़ क्षेत्र में इसे गुजरात की गिफ्ट सिटी की तर्ज पर विकसित किया जाएगा।

राष्ट्रीय और वैश्विक कंपनियों को मिलेगा स्थान

प्रस्तावित फिनटेक सिटी में कोर बैंकिंग, ब्लॉकचेन, बीमा प्रौद्योगिकी, डिजिटल भुगतान, स्टॉक एक्सचेंज और आईटी सक्षम सेवाओं से जुड़ी राष्ट्रीय और वैश्विक कंपनियों के कॉरपोरेट कार्यालय स्थापित किए जाने की योजना है।

चार कंपनियों ने दिखाई रुचि

फिनटेक सिटी के विकास और उसके वित्तीय मॉडल को तय करने के लिए यमुना प्राधिकरण ने कंपनियों से प्रस्ताव आमंत्रित किए हैं। अब तक चार कंपनियों ने इसमें रुचि दिखाई है।

बुधवार को आयोजित प्रस्तुतीकरण के दौरान कंपनियों ने सुझाव दिया कि फिनटेक सिटी में काम करने वाले लोगों की सुविधा के लिए परियोजना में आवासीय व्यवस्था भी शामिल की जाए।

प्राधिकरण ने कंपनियों को भरोसा दिलाया कि उनके सुझावों पर सकारात्मक रूप से विचार किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने बढ़ाई मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क के आवेदन की अंतिम तिथि; 5000 को मिलेगा रोजगार

यह भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा के लाखों लोगों का इंतजार खत्म, स्टेडियम में बनेगी 60 मीटर सड़क; CM योगी के मास्टर प्लान में है शामिल