नोएडा-जेवर पास बसेगी UP की स्पेशल 'फिनटेक सिटी', बनेगी SDZ जोन; जानिए जमीन से लेकर सुविधाओं तक का प्लान
यमुना प्राधिकरण की फिनटेक सिटी को विशेष विकसित क्षेत्र (SDZ) घोषित करने की तैयारी है, जिसके लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा जाएगा।

फिनटेक सिटी बनेगा विशेष विकसित क्षेत्र ( एआई इमेज )
HighLights
फिनटेक सिटी को विशेष विकसित क्षेत्र (SDZ) बनाने की तैयारी।
केंद्रीय सुविधाओं व विभागों के कार्यालय स्थापित होने का मार्ग प्रशस्त।
यमुना प्राधिकरण सेक्टर 11 में 500 एकड़ में विकसित करेगा।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण में विकसित होने वाला फिनटेक सिटी विशेष विकसित क्षेत्र (एसडीजेड) बनेगा। फिनटेक को एसडीजेड घोषित कराने के लिए केंद्रीय वित्त विभाग को शासन के जरिये प्रस्ताव भेजने की तैयारी कर रहा है।
एसडीजेड घोषित होने से फिनटेक सिटी को केंद्रीय सुविधाओं के साथ केंद्रीय विभागों के कार्यालयों के स्थापित होने का रास्ता साफ होगा। यमुना प्राधिकरण सेक्टर 11 में पांच सौ एकड़ में फिनटेक सिटी परियोजना विकसित करने की योजना पर काम कर रहा है।
यीडा को सौंपी गई रिपोर्ट
प्राधिकरण की योजना नरेन्द्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के नजदीक इस क्षेत्र को वित्तीय गतिविधियों के केंद्र के रूप में विकसित करने की है। बोर्ड के निर्देश पर पूर्व एसीईओ शैलेंद्र भाटिया को गुजरात में विकसित किए गए गिफ्ट सिटी के अध्ययन के लिए भेजा गया था।
उन्होंने गिफ्ट सिटी में विकसित ढांचा, केंद्रीय निगरानी व्यवस्था, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन समेत भूखंड आवंटन के लिए अपनाई गई नीति, कनेक्टिविटी आदि का अध्ययन कर अपनी रिपोर्ट यीडा को सौंपी है।
गिफ्ट सिटी में निवेशकों के साथ वार्ता के दौरान यह बात सामने आई कि फिनटेक सिटी के विकास के लिए इसे विशेष केंद्रीय सुविधाओं की जरूरत होेगी।
केंद्र को भेजा जाएगा प्रस्ताव
इसके लिए फिनटेक सिटी को एसडीजेड अधिसूचित कराना जरूरी है। इसके बाद ही केंद्रीय विभागों के कार्यालय भी फिनटेक सिटी में स्थापित होने का रास्ता साफ हो सकेगा।
यीडा सीईओ राकेश कुमार सिंह का कहना है कि फिनटेक सिटी को एसडीजेड घोषित कराने के लिए केंद्र को प्रस्ताव भेजा जाएगा।
फिनटेक सिटी को पीपीपी माडल पर विकसित करने की योजना है। इसके लिए तीन कंपनियों के प्रस्ताव भी यीडा को मिल चुके हैं, लेकिन अभी अंतिम तौर पर विकासकर्ता कंपनी का चयन नहीं हुआ है।
आवासीय सुविधा देने का दिय गया सुझाव
फिनटेक सिटी में वित्तीय गतिविधियों से जुड़ी कंपनियां, सरकारी विभागों के कार्यालय स्थापित करने की योजना है।
पूर्व में हुई बैठक में निवेशकोंं की ओर से फिनटेक सिटी में आवासीय सुविधा विकसित करने का सुझाव भी दिया गया था, इस पर भी प्राधिकरण को अंतिम रूप से निर्णय लेना है।
यह भी पढ़ें- महाराष्ट्र में महिला ने की शादी की मांग तो प्रेमी ने कर दिया मर्डर, लाश को रूम हीटर से जलाया
