अटलांटिक महासागर में कटा ओवरस्पीडिंग का ई-चालान, अपनी लोकेशन देख Thar मालिक के उड़े होश; नोएडा पुलिस भी हैरान
यमुना एक्सप्रेसवे पर एक वाहन चालक का 101 किमी/घंटा की रफ्तार के लिए 2000 रुपये का ई-चालान काटा गया। हालांकि, ...और पढ़ें

चालान में लोकेशन देखकर थार मालिक और पुलिस हैरान। फोटो: एक्स
HighLights
यमुना एक्सप्रेसवे पर 101 किमी/घंटा रफ्तार के लिए कटा चालान।
ई-चालान में वाहन की लोकेशन अटलांटिक महासागर में दर्ज।
नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने मामले की जांच का आश्वासन दिया।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे पर कार की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे की तय सीमा से सिर्फ एक किलोमीटर ज्यादा थी। नतीजा, वाहन मालिक के नाम दो हजार रुपये का ई-चालान जारी हो गया।
लेकिन चालान की एक डिटेल ने पूरे मामले को दिलचस्प बना दिया। जिस कार का चालान यमुना एक्सप्रेसवे पर कटा, उसकी लोकेशन अटलांटिक महासागर के बीचों-बीच दर्ज थी। यानी कार सड़क पर दौड़ रही थी और सरकारी रिकॉर्ड में समुद्र के बीच पहुंच गई!
Got a ₹2,000 challan on the Yamuna Expressway. My speed: 101 km/h Limit: 100 km/h 1 km/h. That's it. Bonus: the speed gun logged my location as 0°N, 0°E. That's the middle of the Atlantic Ocean 🌊 @Noidatraffic @uptrafficpolice is this really how road safety works? https://t.co/XZSCaU8BSL
— Anujeet Shivam (@anujitshivam) November 12, 2026
1 किमी ज्यादा स्पीड पर कटा चालान
एक्स पर अनुजीत शिवम नाम के यूजर ने अपने ई-चालान की तस्वीर साझा की है। उनका कहना है कि उनकी कार यमुना एक्सप्रेसवे पर 101 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी।
जबकि वहां अधिकतम गति सीमा 100 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित है। इसी आधार पर उनके नाम दो हजार रुपये का ई-चालान जारी किया गया।
लेकिन चालान में दर्ज लोकेशन देखकर वह हैरान रह गए। वाहन की लोकेशन यमुना एक्सप्रेसवे की जगह अटलांटिक महासागर के बीच दिखाई गई।
चालान के अक्षांश-देशांतर ने खोला राज
ई-चालान में वाहन की लोकेशन के लिए 0 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 0 डिग्री पूर्वी देशांतर दर्ज है। ये निर्देशांक भौगोलिक रूप से अफ्रीका के पश्चिमी तट के पास अटलांटिक महासागर में पड़ते हैं।
यानी चालान में दर्ज निर्देशांकों के मुताबिक कार एक्सप्रेसवे पर नहीं, बल्कि समुद्र के बीच थी। यूजर ने इसी गड़बड़ी को लेकर नोएडा ट्रैफिक पुलिस और यूपी ट्रैफिक पुलिस को टैग करते हुए सवाल उठाए हैं।
नोएडा पुलिस ने जांच करने का दिया भरोसा
पोस्ट पर नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने जवाब देते हुए यूजर को ई-चालान हेल्पलाइन नंबर 7065060882 पर संपर्क करने की सलाह दी। डीसीपी ट्रैफिक सैय्यद अली अब्बास ने भी मामले की जांच कराने की बात कही है।
अब जांच में यह स्पष्ट होगा कि चालान में वाहन की लोकेशन अटलांटिक महासागर कैसे दर्ज हुई। फिलहाल, 101 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पर कटे दो हजार रुपये के चालान से ज्यादा चर्चा इस बात की है कि कार यमुना एक्सप्रेसवे से अटलांटिक महासागर तक कैसे पहुंच गई।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।