विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

30 KM से कम रह जाएगी दूरी, नोएडा एयरपोर्ट और फिल्म सिटी पहुंचना होगा आसान; यमुना तटबंध रोड का होगा विस्तार

Published: Sat, 29 Aug 2026 05:54 PM (IST)

नोएडा में यमुना तटबंध सड़क का 10 किमी विस्तार कर इसे यमुना एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा। इस परियोजना पर लगभग ...और पढ़ें

यमुना तटबंध रोड का विस्तार किया जाएगा। फोटो: एआई जनरेटेड

यमुना तटबंध रोड का विस्तार किया जाएगा। फोटो: एआई जनरेटेड

HighLights

  1. यमुना तटबंध सड़क का 10 किमी विस्तार होगा, 200 करोड़ खर्च

  2. यह सड़क यमुना एक्सप्रेसवे से सीधा संपर्क स्थापित करेगी

  3. जेवर एयरपोर्ट और फिल्म सिटी के लिए लिंक रोड बनेगी

जागरण संवाददाता, नोएडा। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के समानांतर स्थित यमुना तटबंध रोड को मजबूत और विस्तारित करने की योजना पर काम तेज हो गया है। तटबंध की मौजूदा सड़क की रिसर्फेसिंग का काम शुरू कर दिया गया है।

वहीं दूसरे चरण में सेक्टर-135 से सेक्टर-150 तक करीब 10 किलोमीटर लंबी सड़क का विस्तार किया जाएगा। इस परियोजना पर करीब 200 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग ने सड़क विस्तार और तटबंध को मजबूत करने के लिए ड्राइंग डिजाइन और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर नोएडा प्राधिकरण को सौंप दी है। डीपीआर में तीन विकल्प दिए गए हैं। इनमें से किसी एक विकल्प को मंजूरी मिलने के बाद आगे का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

सीईओ के सामने रखे जाएंगे तीन विकल्प

प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार, सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ जल्द ही परियोजना के तीनों विकल्प प्राधिकरण के सीईओ के समक्ष प्रस्तुत किए जाएंगे। इनमें से एक विकल्प को अनुमोदन मिलने के बाद सड़क विस्तार और तटबंध मजबूती का काम शुरू होगा।

इस परियोजना के लिए नोएडा प्राधिकरण सिंचाई विभाग को फंड उपलब्ध कराएगा, जबकि निर्माण कार्य भी सिंचाई विभाग की ओर से कराया जाएगा।

एक्सप्रेसवे का यातायात होगा कम

यमुना तटबंध रोड के विस्तार से नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद है। कालिंदी कुंज और दिल्ली की ओर से आने वाला अधिकांश यातायात इस सड़क के जरिए सीधे यमुना एक्सप्रेसवे तक पहुंच सकेगा।

मौजूदा तटबंध रोड चार लेन की है और इसकी लंबाई करीब 11.200 किलोमीटर है। दूसरे चरण में सेक्टर-135 से सेक्टर-150 तक करीब 10 किलोमीटर सड़क का विस्तार किया जाएगा।

जेवर एयरपोर्ट तक आसान होगा सफर

यह सड़क भविष्य में जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए एक महत्वपूर्ण लिंक रोड भी बन सकती है। सेक्टर-150 के पास रोटरी के माध्यम से इसे यमुना एक्सप्रेसवे से जोड़ने की योजना है।

इसके बाद यहां से जेवर की दूरी 30 किलोमीटर से कम रह जाएगी। इससे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के साथ ही फिल्म सिटी तक पहुंच भी आसान होने की उम्मीद है।

रिसर्फेसिंग का काम शुरू, 34 करोड़ होंगे खर्च

यमुना तटबंध रोड की रिसर्फेसिंग के लिए शुरुआती काम शुरू कर दिया गया है। सड़क पर मौजूद गड्ढों से मिट्टी हटाई जा रही है, जबकि सड़क किनारे उगी घास और झाड़ियों की सफाई भी कराई जा चुकी है।

इस रिसर्फेसिंग कार्य पर करीब 34 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। प्राधिकरण पहले ही इस काम के लिए सिंचाई विभाग को 11 करोड़ रुपये उपलब्ध करा चुका है।

बिंदु विवरण
मौजूदा यमुना तटबंध रोड चार लेन, 11.200 किमी
दूसरे चरण में विस्तार सेक्टर-135 से सेक्टर-150 तक 10 किमी
डीपीआर में प्रस्तावित विकल्प तीन
सड़क विस्तार और तटबंध मजबूती की अनुमानित लागत करीब 200 करोड़ रुपये
रिसर्फेसिंग कार्य की लागत 34 करोड़ रुपये
सिंचाई विभाग को जारी फंड 11 करोड़ रुपये
सेक्टर-150 से यमुना एक्सप्रेसवे के जरिए जेवर की दूरी 30 किमी से कम

यह भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा से अब मथुरा और आगरा तक दौड़ेगी हाइड्रोजन बसें, यीडा ने बनाई लंबे रूट की नई योजना

यह भी पढ़ें- नोएडा में खाने-पीने के शौकीनों के लिए खुशखबरी, इंदौर के '56 दुकान' की तर्ज पर खुलेंगे 2 नए स्ट्रीट मार्केट