नोएडा में खाने-पीने के शौकीनों के लिए खुशखबरी, इंदौर के '56 दुकान' की तर्ज पर खुलेंगे 2 नए स्ट्रीट मार्केट
नोएडा में जल्द ही दो नए स्ट्रीट मार्केट खुलने वाले हैं, जिनमें सेक्टर-38ए और सेक्टर-18 में कुल 34 क्योस्क स्थापित ...और पढ़ें

इंदौर की छप्पन दुकान के तर्ज पर नोएडा में बनेगी स्ट्रीट मार्केट। फोटो: आर्काइव
HighLights
नोएडा में दो नए स्ट्रीट मार्केट जल्द खुलेंगे
सेक्टर-38ए और सेक्टर-18 में कुल 34 क्योस्क
इंदौर के 56 मार्केट की तर्ज पर विकसित
जागरण संवाददाता, नोएडा। नोएडा में खरीदारी और खाने-पीने के शौकीनों के लिए जल्द दो नए ठिकाने तैयार होने जा रहे हैं। लंबे समय से तैयार क्योस्क के संचालन की प्रक्रिया एक बार फिर शुरू कर दी गई है।
सेक्टर-38ए में बोटेनिकल गार्डन और जीआईपी माल के बीच 19 क्योस्क, जबकि सेक्टर-18 में 15 क्योस्क स्थापित किए जाएंगे। इनके शुरू होने के बाद शहरवासियों को खुले वातावरण में खान-पान, घूमने और खरीदारी का नया विकल्प मिलेगा।
नोएडा प्राधिकरण के सामान्य प्रशासन विभाग ने क्योस्क के संचालन के लिए एक्सप्रेशन आफ इंटरेस्ट (ईओआइ) जारी कर इच्छुक कंपनियों से आवेदन मांगे हैं। कंपनियां 17 सितंबर तक आवेदन जमा कर सकेंगी। इसके बाद निर्धारित नियमों और शर्तों के आधार पर क्योस्क का आवंटन किया जाएगा।
इंदौर के 56 मार्केट की तर्ज पर होगा विकास
प्राधिकरण की योजना इन दोनों स्ट्रीट मार्केट को इंदौर के 56 मार्केट की तर्ज पर विकसित करने की है। यहां मुख्य रूप से खाने-पीने की दुकानें होंगी। विभिन्न प्रकार के व्यंजनों के साथ लोगों को बैठने और घूमने के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध कराने की योजना है।
इन स्ट्रीट मार्केट के शुरू होने के बाद युवाओं और परिवारों के लिए शाम के समय घूमने और खाने-पीने का नया स्थान मिल सकता है।
तीन बार टेंडर, नहीं मिला कोई आवेदन
प्राधिकरण पहले भी क्योस्क के संचालन के लिए तीन बार टेंडर जारी कर चुका है, लेकिन कंपनियों के आवेदन नहीं आने के कारण प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। अब एक बार फिर कंपनियों से आवेदन मांगे गए हैं। प्राधिकरण को उम्मीद है कि इस बार प्रक्रिया पूरी होने के बाद लंबे समय से तैयार क्योस्क जनता के लिए खोले जा सकेंगे।
प्राधिकरण के ओएसडी इंदु प्रकाश सिंह ने बताया कि इसका उद्देश्य कम लागत में संचालन करने वाली और अधिक राजस्व देने वाली कंपनियों को प्राथमिकता देना है। इससे प्राधिकरण की आमदनी बढ़ने के साथ ही लोगों को बेहतर स्ट्रीट मार्केट की सुविधा मिल सकेगी।
100 से अधिक वाहनों के लिए पार्किंग
स्ट्रीट मार्केट में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए पार्किंग की व्यवस्था भी की जा रही है। यहां 100 से अधिक वाहनों के लिए सरफेस पार्किंग बनाई जाएगी। इस परियोजना पर लगभग 2 करोड़ 23 लाख रुपये खर्च किए गए हैं।
अब क्योस्क संचालन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शहरवासियों को लंबे इंतजार के बाद इन दोनों नए स्ट्रीट मार्केट की सुविधा मिलने की उम्मीद है।
एक नजर में
दो नए स्ट्रीट मार्केट होंगे शुरू
बोटेनिकल गार्डन-जीआईपी माल के बीच: 19 क्योस्क
सेक्टर-18 में: 15 क्योस्क
कुल क्योस्क: 34
आवेदन की अंतिम तिथि: 17 सितंबर
पार्किंग क्षमता: 100 से अधिक वाहन
परियोजना पर खर्च: करीब 2 करोड़ 23 लाख रुपये
तर्ज: इंदौर के 56 मार्केट जैसी व्यवस्था
यह भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा से अब मथुरा और आगरा तक दौड़ेगी हाइड्रोजन बसें, यीडा ने बनाई लंबे रूट की नई योजना
यह भी पढ़ें- नोएडा में 45000 यात्रियों ने पहले दिन उठाया स्काईवाक का लाभ, सेक्टर-51 और 52 मेट्रो के बीच सफर हुआ आसान
