'यह देश की संप्रभुता पर हमला...', फडणवीस से जुड़ा वीडियो ब्लॉक होने पर भड़का VHP
विहिप ने इसे देश की संप्रभुता पर हमला बताते हुए मेटा से पोस्ट बहाल करने और माफी मांगने की मांग की है, साथ ही कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
-1793252327929_m.webp)
विश्व हिंदू परिषद का अकाउंट ब्लॉक करने पर विवाद गहराया
HighLights
मेटा ने विश्व हिंदू कांग्रेस का फडणवीस वीडियो ब्लॉक किया।
विहिप ने इसे देश की संप्रभुता पर सीधा हमला बताया।
कानूनी कार्रवाई और बड़े विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। हिंदू संगठन विश्व हिंदू परिषद संबंधित एक पोस्ट को फेसबुक तथा इंस्टा पर प्रतिबंधित करने का विवाद गहराता जा रहा है। विहिप से जुड़े संगठनों ने जल्द बड़े विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी है। विहिप ने इसे देश की संप्रभुता पर हमला बताते हुए प्रतिक्रिया दी है।
छात्र आंदोलन के दौरान प्रधानमंत्री के एक पोस्ट को कुछ घंटों के लिए प्लेटफॉर्म से हटाए जाने की घटना अभी ठंडी भी नहीं हुई थी कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से जुड़े एक पोस्ट को प्रतिबंधित कर दिया गया।
कुछ ही घंटों में मेटा ने ब्लॉक किया अकाउंट
विहिप के प्रवक्ता विनोद बंसल ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद द्वारा 26 अक्टूबर को अपने सभी इंटरनेट मीडिया हैंडल्स पर मुख्यमंत्री फडणवीस का स्वागत वीडियो पोस्ट किए जाने के कुछ ही घंटों में मेटा ने उसे फेसबुक और इंस्टाग्राम से ब्लॉक कर दिया।
27 अक्टूबर को दोबारा पोस्ट करने पर भी वही कार्रवाई दोहराई गई। तीन दिन बीत जाने के बावजूद पोस्ट बहाल नहीं किया गया है, जिससे पूरे देश में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
विनोद बंसल ने स्पष्ट कहा कि यह वीडियो महाराष्ट्र के निर्वाचित मुख्यमंत्री द्वारा विश्वभर से आए मेहमानों का स्वागत था। इसमें किसी कानून का उल्लंघन या आपत्तिजनक सामग्री नहीं थी। फिर भी मेटा ने एकतरफा और मनमाने तरीके से इसे हटा दिया।
सार्वजनिक माफी मांगने की मांग
बंसल ने सवाल उठाया कि आखिर किस अपराध के आधार पर यह कार्रवाई हुई? उन्होंने मेटा से तत्काल वीडियो बहाल करने और सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की। साथ ही केंद्रीय इलेक्ट्रानिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय तथा संबंधित मंत्रियों से अविलंब हस्तक्षेप कर मेटा के इस दुस्साहस के खिलाफ कार्रवाई करने का आग्रह किया।
विहिप का मानना है कि छात्रों के आंदोलन के दौरान प्रधानमंत्री के पोस्ट को कुछ घंटों के लिए हटाने और अब एक राज्य के मुख्यमंत्री से जुड़े पोस्ट पर प्रतिबंध लगाना देश के लोगों की संप्रभुता पर सीधा हमला है। इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म भारतीय संवैधानिक व्यवस्था और जनभावनाओं की अनदेखी कर रहे हैं।
कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
शिकायत के तीन दिन बीतने के बाद भी पोस्ट बहाल न होने से आक्रोश बढ़ता जा है। विश्व हिंदू परिषद ने केंद्र सरकार, मुंबई पुलिस और दिल्ली पुलिस को शिकायत भेज दी है तथा कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
विनोद बंसल ने चेतावनी दी कि यदि मेटा अपनी हिंदू-विरोधी हरकतों से बाज नहीं आता तो विश्व हिंदू कांग्रेस कानूनी रास्ता अपनाने के लिए विवश हो जाएगी।
विहिप के एक पदाधिकारी के अनुसार कुछ दिन देख रहे हैं, अन्यथा बड़ा कदम उठाने पर विचार संभव है। जिसमें मुंबई स्थित मेटा कार्यालय का घेराव भी शामिल हो सकता है। भारत में किसी भी विदेशी प्लेटफार्म की यह मनमानी स्वीकार्य नहीं है। जवाबदेही तय होनी चाहिए।
