'ऊपर से गाजियाबाद जाएंगे और नीचे से ग्रेटर नोएडा', यूपी की पहली डबल डेकर एलिवेटेड रोड बनाने का प्लान रेडी
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में जाम से निजात दिलाने के लिए शाहबेरी डबल डेकर एलिवेटेड रोड का निर्माण जल्द शुरू होगा। ...और पढ़ें

यूपी की पहली डबर डेकर एलिवेटेड रोड का प्लान तैयार। फोटो: एआई जनरेटेड
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में जाम की समस्या से लोगों को जल्द राहत मिलेगी। प्रस्तावित शाहबेरी डबल डेकर एलिवेटेड रोड के निर्माण की कवायद तेज हो गई है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने इस परियोजना के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को पत्र भेजा है।
उम्मीद है कि जल्द ही इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) पर काम शुरू हो जाएगा। यह यूपी की पहली डबल डेकर एलिवेटेड रोड होगी। इस पर करीब 1200 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
खास बात यह है कि इसके निर्माण का खर्च तीन प्राधिकरण मिलकर उठाएंगे। इसमें नोएडा प्राधिकरण, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) शामिल हैं। इसका एस्टीमेट तैयार कर लिया गया है।
शाहबेरी तक डबल डेकर होगी एलिवेटेड रोड
योजना के तहत यह एलिवेटेड रोड एक मूर्ति गोल चक्कर से शुरू होगी। शाहबेरी नाले तक यह दो मंजिला यानी डबल डेकर होगी और उसके आगे सिंगल डेकर यानी एक मंजिला बनाई जाएगी। यह 130 मीटर रोड से शुरू होकर शाहबेरी और क्रासिंग रिपब्लिक होते हुए एनएच-9 तक करीब 2.5 किलोमीटर लंबी होगी और तीन लेन की होगी।
इसमें एक और सड़क को भी जोड़ा गया है, जो शाहबेरी नाले के किनारे से तिगरी के पास 60 मीटर चौड़ी सड़क से जुड़ेगी। इससे पूरे ग्रेटर नोएडा वेस्ट में जाम खत्म करने में बड़ी मदद मिलेगी।
आने-जाने के लिए अलग-अलग मंजिल तय
अधिकारियों के मुताबिक पहली मंजिल का इस्तेमाल ग्रेटर नोएडा से गाजियाबाद जाने के लिए और दूसरी मंजिल का गाजियाबाद से ग्रेटर नोएडा आने के लिए किया जाएगा।
मौजूदा नीचे की सड़क स्थानीय लोगों के लिए पहले की तरह खुली रहेगी, जबकि ऊपर बनने वाली एलिवेटेड रोड 9 से 10 मीटर चौड़ी होगी। प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने बताया कि इस रोड के लिए एनएचएआई को पत्र लिखा गया है। डीपीआर बनते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
