UPITS में 500 से अधिक बसें चलाने की तैयारी, DTC की 100 ई-बसों से एक्सपो मार्ट तक आसान होगी आवाजाही
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के लिए ग्रेटर नोएडा में 500 से अधिक बसों की व्यवस्था की जा रही है, जिसमें ...और पढ़ें

यूपी रोडवेज आयोजन के दौरान ई-बसों की संख्या बढ़ाएगा। एआई इमेज
HighLights
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 25-29 सितंबर को ग्रेटर नोएडा में आयोजित होगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर 500 से अधिक बसें चलेंगी।
डीटीसी 100 ई-बसें उपलब्ध कराएगी, चार्जिंग स्टेशनों की क्षमता बढ़ेगी।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस) का आयोजन 25 से 29 सितंबर के बीच इंडिया एक्सपो मार्ट में होगा। इस शो में आने वाले आगंतुकों के लिए सार्वजनिक परिवहन की बड़ी तैयारी की जा रही है।
प्राधिकरण करीब 350 बसों की व्यवस्था कर चुका है, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 500 से अधिक बसें चलाने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि यूपी रोडवेज और दिल्ली सरकार से संख्या बढ़ाने को लेकर बातचीत जारी है।
एक्सपो मार्ट तक आने-जाने के लिए किया जाएगा
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ रवि कुमार एनजी के निर्देश पर यूपी रोडवेज आयोजन के दौरान ई-बसों की संख्या बढ़ाएगा। वहीं दिल्ली ट्रांसपोर्ट काॅरपोरेशन (डीटीसी) ने भी अपनी 100 ई-बसें देने पर सहमति दी है।
इनकी संख्या बढ़ाने के लिए प्राधिकरण बातचीत कर रहा है। इन बसों का किराया ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा डीटीसी को दिया जाएगा। इनका उपयोग शटल बस के रूप में एक्सपो मार्ट तक आने-जाने के लिए किया जाएगा।
कासना डिपो में सात चार्जिंग स्टेशन होंगे संचालित
उधर, यूपी रोडवेज ने प्रस्ताव दिया है कि आयोजन के दौरान 30 ई-बसें गाजियाबाद से शिफ्ट कर ग्रेटर नोएडा में चलाई जाएं। इससे एक्सपो मार्ट तक बसों की फ्रीक्वेंसी बढ़ेगी। एसीईओ प्रेरणा सिंह का कहना है कि इन बसों को ग्रेटर नोएडा में ही चार्ज किया जाएगा।
इसके लिए नालेज पार्क स्थित नासा पार्किंग के पास मौजूद तीन चार्जिंग स्टेशनों की क्षमता बढ़ाई जा रही है। कासना डिपो में सात चार्जिंग स्टेशन पूरी क्षमता से संचालित होंगे। साथ ही शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम में भी ई-बसों के लिए नए चार्जिंग स्टेशन बनाए जा रहे हैं। प्राधिकरण ने एनपीसीएल को जल्द काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
