UPITS 2026 में दिखेगा यूपी का स्वाद, एक छत के नीचे मिलेगा अयोध्या की कचौड़ी से नोएडा की बेकरी का स्वाद
गौतमबुद्ध नगर की बेकरी इस बार यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएगी। पहली बार ...और पढ़ें

गौतमबुद्ध नगर के बेकरी भी अंतरराष्ट्रीय बाजार में धूम मचाने की तैयारी में है। सौ. सोशल मीडिया
HighLights
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में गौतमबुद्ध नगर की बेकरी का अंतरराष्ट्रीय पदार्पण होगा।
ओडीओसी पवेलियन में उत्तर प्रदेश के 75 जिलों के व्यंजन प्रदर्शित होंगे।
जिले के तीन बेकरी ब्रांड अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपने उत्पाद पेश करेंगे।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। इंडिया एक्सपो मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस) 2026 में इस बार खाने के शौकीनों के लिए खास इंतजाम होगा।
पहली बार मेले में एक जनपद एक व्यंजन (ओडीओसी) का विशेष पवेलियन बनाया जा रहा है। इसमें उत्तर प्रदेश के 75 जिलों के प्रसिद्ध व्यंजनों को प्रदर्शित किया जाएगा, जिसमें गौतमबुद्ध नगर के बेकरी भी अंतरराष्ट्रीय बाजार में धूम मचाने की तैयारी में है।
तीन बड़े बेकरी ब्रांड को मिला अवसर
ओडीओसी योजना के तहत गौतमबुद्ध नगर जिले को बेकरी उत्पादों के लिए चुना गया है। ऐसे में जिले की बेकरी इस बार अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने स्वाद का जलवा बिखेरेगी।
अभी तक जिले के तीन बड़े बेकरी ब्रांड को ट्रेड शो में स्टाॅल आवंटित किए गए हैं। इनमें बेकर्स वे, हीरा स्वीट्स और बीकानेरवाला शामिल हैं। ये ब्रांड अपने कुकीज, केक, पेस्ट्री और अन्य बेकरी उत्पादों को देशी-विदेशी खरीदारों के सामने पेश करेंगे।
75 जिलों के 75 स्वाद चख सकेंगे लोग
ओडीओसी पवेलियन में सिर्फ गौतमबुद्ध नगर ही नहीं बल्कि पूरे यूपी के जायके का संगम देखने को मिलेगा। पवेलियन में अयोध्या की मशहूर कचौरी और कुल्हड़ वाली दही-जलेबी, अमेठी का समोसा व लाल गन्ने की गोटी, बुलंदशहर की प्रसिद्ध खुरचन और प्रयागराज की सब्जी-कचौरी जैसे 75 जिलों के व्यंजनों की जानकारी और स्वाद मिलेगा। खाने-पीने के मुख्य फूड स्टाल अलग जोन में होंगे, लेकिन ओडीओसी पवेलियन का उद्देश्य लोगों को हर जिले की खाद्य पहचान से रूबरू कराना है।
स्थानीय उद्यमियों को बड़ा बाजार मिलने की उम्मीद
इस बार पवेलियन में 149 से अधिक स्टाल लगाए जाएंगे। यहां आने वाले विदेशी मेहमान और स्थानीय लोग एक ही जगह पर पूरे उत्तर प्रदेश के व्यंजनों के बारे में जान सकेंगे और उनके स्वाद का लुत्फ भी उठा सकेंगे।
इससे जिलों के स्थानीय उद्यमियों को बड़ा बाजार मिलने की उम्मीद है। जिले के बेकरी उद्योग भी अंतरराष्ट्रीय बाजार में दस्तक देने को तैयार है।- पंकज निर्वाण, उपायुक्त उद्योग गौतमबुद्ध नगर।
