ग्रेटर नोएडा वेस्ट में खत्म होगा ट्रैफिक जाम, 3 नए अंडरपास बनाने का प्लान तैयार; सर्वे का काम पूरा
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में यातायात जाम की समस्या से निपटने के लिए तीन नए अंडरपास बनाने की तैयारी चल रही ...और पढ़ें

ग्रेटर नोएडा में तीन नए अंडरपास बनाने की तैयारी। फोटो: एआई जनरेटेड
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में बढ़ते ट्रैफिक और जाम की समस्या से निपटने के लिए तीन नए अंडरपास बनाने की तैयारी है।
प्राधिकरण के परियोजना विभाग ने ग्रेनो वेस्ट इलाके में राइज चौकी, पंचमुखी हनुमान मंदिर गोलचक्कर और तिलपता गोलचक्कर का सर्वेक्षण कर इन स्थानों पर अंडरपास बनाने का प्रस्ताव तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेज दिया है।
अधिकारियों के मुताबिक प्रस्ताव को सैद्धांतिक मंजूरी मिलने के बाद विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
सर्वेक्षण रिपोर्ट में वाहनों की आवाजाही, व्यस्त घंटों में लगने वाले जाम और भविष्य में ट्रैफिक बढ़ने की संभावना को शामिल किया गया है।
तीन स्थानों पर अंडरपास बनाने का प्रस्ताव
राइज पुलिस चौकी के पास अंडरपास बनने से सेक्टर-1, सेक्टर-2, बिसरख और आसपास की सोसायटियों में रहने वाले लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। यहां सुबह-शाम ऑफिस जाने वाले लोगों को लंबा जाम झेलना पड़ता है।
वहीं, पंचमुखी हनुमान मंदिर गोलचक्कर पर अंडरपास बनने से टेकजोन-4, बिसरख और आसपास की आवासीय सोसायटियों के निवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
इस गोलचक्कर पर कई सोसायटियों का ट्रैफिक एक साथ आकर मिलता है, जिससे जाम की स्थिति बन जाती है।
तिलपता गोलचक्कर पर भी मिलेगी राहत
तिलपता गोलचक्कर पर अंडरपास बनने से सूरजपुर, दादरी, ग्रेटर नोएडा वेस्ट और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में आने-जाने वाले लोगों को फायदा होगा। यहां सुबह और शाम को जाम की स्थिति पैदा हो जाती है।
डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पर ग्रेटर नोएडा के साकीपुर के पास बने फ्लाईओवर के चालू होने के बाद तिलपता गोलचक्कर पर जाम की समस्या और बढ़ गई है।
गौड़ चौक पर अंडरपास से सुधरी व्यवस्था
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गौड़ चौक पर पहले रोजाना लंबा जाम लगता था। यहां अंडरपास निर्माण और मुख्य सड़कों को चौड़ा करने से यातायात व्यवस्था में सुधार हुआ है।
इसको देखते हुए प्राधिकरण शहर के अन्य प्रमुख जाम वाले स्थानों पर अंडरपास और फ्लाईओवर की योजना बना रहा है। प्राधिकरण के महाप्रबंधक परियोजना एके सिंह के मुताबिक जाम की समस्या दूर करने के लिए तीन नए अंडरपास के प्रस्ताव तैयार किए गए हैं।
इनका परीक्षण कराया जाएगा। परियोजनाओं के आगे बढ़ने से संबंधित क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
यह भी पढ़ें- कालिंदी कुंज से सीधे यमुना एक्सप्रेसवे तक फर्राटा भरेंगी गाड़ियां, नोएडा को मिलने जा रही नई 4-लेन रोड