कालिंदी कुंज से सीधे यमुना एक्सप्रेसवे तक फर्राटा भरेंगी गाड़ियां, नोएडा को मिलने जा रही नई 4-लेन रोड
नोएडा प्राधिकरण ने यमुना तटबंध रोड के 10 किलोमीटर विस्तार के लिए 280 करोड़ रुपये का बजट तय किया है। ...और पढ़ें

नोएडा को मिलेगी नई फोन लेन रोड। फोटो: आर्काइव
जागरण संवाददाता, नोएडा। करीब दो महीने के मंथन के बाद नोएडा प्राधिकरण ने यमुना तटबंध रोड के 10 किलोमीटर विस्तार के लिए सोमवार को 280 करोड़ रुपये का बजट तय किया है।
चार लेन की इस सड़क का निर्माण उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग करेगा, जबकि खर्च नोएडा प्राधिकरण उठाएगा। सिंचाई विभाग ने पहले करीब 350 करोड़ रुपये का बजट अनुमान भेजा था। विश्लेषण के बाद प्राधिकरण ने इसे घटाकर 280 करोड़ रुपये निर्धारित किया है।
280 करोड़ रुपये में बनेगी चार लेन की सड़क
नया मार्ग नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के समानांतर बनेगा। योजना के तहत मौजूदा तटबंध रोड को सेक्टर-135 से आगे बढ़ाकर सेक्टर-150 होते हुए ग्रेनो आगरा एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा।
एक्सप्रेसवे के पास रोटरी बनाकर सड़क को इससे जोड़ा जाएगा। इससे कालिंदी कुंज की ओर से आने वाला यातायात सीधे यमुना एक्सप्रेसवे तक पहुंच सकेगा। परियोजना के टेंडर जल्द जारी किए जाएंगे, जिसके बाद निर्माण कार्य शुरू होगा।
गांवों में बाढ़ का जोखिम होगा कम
मौजूदा तटबंध रोड सेक्टर-94 से सेक्टर-135 तक जाता है। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के किनारे स्थित दफ्तरों तक आने-जाने वाले लोग इस मार्ग का उपयोग करते हैं। सड़क यमुना तटबंध का काम करती है।
महाप्रबंधक सिविल एके अरोड़ा ने बताया कि विस्तार से यमुना एक्सप्रेसवे के लिए नया संपर्क मार्ग बनेगा और तटबंध की लंबाई बढ़ने से आसपास के गांवों में बाढ़ का जोखिम घटेगा।
रिसर्फेसिंग पर 34 करोड़ खर्च
मौजूदा तटबंध रोड की रिसर्फेसिंग का काम भी चल रहा है। इसके लिए नोएडा प्राधिकरण करीब 34 करोड़ रुपये आवंटित कर चुका है। यह काम सिंचाई विभाग करा रहा है।
यह भी पढ़ें- गुरुग्राम-फरुखनगर-झज्जर रोड होगी 4-लेन, 4 गांवों के किसानों को अधिग्रहण नोटिस; 7 दिसंबर को मुआवजे पर सुनवाई