गुरुग्राम-फरुखनगर-झज्जर रोड होगी 4-लेन, 4 गांवों के किसानों को अधिग्रहण नोटिस; 7 दिसंबर को मुआवजे पर सुनवाई
गुरुग्राम-फरुखनगर-झज्जर मार्ग के चौड़ीकरण की प्रक्रिया तेज हो गई है, जिसके तहत लोक निर्माण विभाग ने भूमि अधिग्रहण के लिए भू-मालिकों को नोटिस जारी किए हैं।

रोड चौड़ीकरण के लिए चार गांवों की भूर्मि होगी अधिगृहीत। फोटो: सांकेतिक
महावीर यादव, बादशाहपुर। गुरुग्राम-फरुखनगर-झज्जर मार्ग के चौड़ीकरण की वर्षों से अटकी प्रक्रिया एक बार फिर तेज हो गई है। गुरुग्राम से फरुखनगर तक करीब 13 किलोमीटर लंबे मार्ग को चारमार्गी बनाने के लिए अब लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने भूमि मालिकों को नोटिस जारी करने शुरू कर दिए हैं।
भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया के तहत जारी इन नोटिसों में संबंधित भू-मालिकों को सात दिसंबर को अपने दावों और मुआवजे का ब्योरा लेकर भूमि अर्जन अधिकारी के समक्ष उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।
भू-मालिकों को मुआवजा देने के लिए करीब 164 करोड़ रुपये की राशि मंजूर हो गई है।
पांच दिसंबर को पूरी होगी विस्तारित समय सीमा
इस परियोजना के लिए दिसंबर 2024 में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की गई थी। नियमानुसार प्रक्रिया शुरू होने के एक वर्ष के भीतर भूमि मालिकों को मुआवजा देने की समय सीमा निर्धारित थी।
हालांकि, निर्धारित अवधि में प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। इसके चलते दिसंबर 2025 में एक वर्ष का समय विस्तार लिया गया था। यह विस्तारित अवधि भी पांच दिसंबर को पूरी हो रही है।
ऐसे में अब विभाग ने आगे की कार्रवाई शुरू करते हुए भूमि मालिकों को अधिनियम की धारा 21 के तहत नोटिस जारी किए हैं।
47.93 एकड़ भूमि का होगा अधिग्रहण
भूमि अर्जन अधिकारी राकेश सैनी और नायब तहसीलदार सुमन तेवतिया ने नोटिस जारी किए हैं। संबंधित भू-मालिकों को 7 दिसंबर को सुबह 11 बजे लोक निर्माण विभाग भवन एवं मार्ग शाखा, गुरुग्राम स्थित भूमि अर्जन अधिकारी एवं जिला राजस्व अधिकारी के कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से या अपने अधिकृत एजेंट के माध्यम से उपस्थित होना होगा।
उन्हें अपनी भूमि में हितों का स्वरूप, मुआवजे की मांग और दावे से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।
परियोजना के तहत सुल्तानपुर, मुबारकपुर, बुढेड़ा और चंदू गांव की कुल 47.93 एकड़ भूमि अधिग्रहित की जानी है। इसमें सबसे अधिक 154 कनाल चार मरला भूमि बुढेड़ा गांव की है।
सुल्तानपुर की 139 कनाल छह मरला, चंदू की 66 कनाल 17 मरला और मुबारकपुर की 23 कनाल तीन मरला भूमि शामिल है। चंदू गांव के सरपंच विकास यादव का कहना है कि अब इस प्रोजेक्ट में चंदू बाईपास बनने से लोगों को गांव में लगने वाले जाम से राहत मिलेगी।
बुढेड़ा गांव के अधिवक्ता गगन प्रकाश का कहना है कि लोगों को इस फोरलेन का काफी दिनों से इंतजार है। अब जल्द बनने की उम्मीद जगी है।
रेलवे लाइन पर बनेगा अंडरब्रिज
इस मार्ग का झज्जर से गुरुग्राम जिला सीमा तक का हिस्सा वर्ष 2017 में ही चारमार्गी बनाया जा चुका है, जबकि गुरुग्राम से फरुखनगर तक 21.300 से 34.800 किलोमीटर का हिस्सा अभी दो लेन का है।
चौड़ीकरण के साथ गढ़ी हरसरू-फरुखनगर रेलवे लाइन पर एक रेलवे अंडरब्रिज (आरयूबी) भी बनाया जाना प्रस्तावित है। पहले इस परियोजना की जिम्मेदारी एचएसआरडीसी के पास थी, लेकिन अब निर्माण की जिम्मेदारी पीडब्ल्यूडी को सौंपी गई है।
भूमि अर्जन अधिकारी व नायब तहसीलदार सुमन तेवतिया का कहना है कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पहले से ही जारी है। अब अवार्ड के लिए 7 दिसंबर को मालिकों को बुलाया है।
यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में आर्किटेक्ट व डिजाइन फर्मों पर एक्शन, DLF फेज-2 में बेसमेंट और पार्किंग में बने आलीशान ऑफिस सील
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।