गुरुग्राम में आर्किटेक्ट व डिजाइन फर्मों पर एक्शन, DLF फेज-2 में बेसमेंट और पार्किंग में बने आलीशान ऑफिस सील
डीएलएफ फेज-2 में रिहायशी मकानों में चल रहे अवैध व्यावसायिक कार्यालयों के खिलाफ टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग का सीलिंग अभियान जारी रहा।

अवैध व्यावसायिक गतिविधियों को सील कर नोटिस लगता डीटीपीई कर्मी। फोटो: जागरण
जागरण संवाददाता, नया गुरुग्राम। डीएलएफ फेज-दो में रिहायशी मकानों में नियमों के विपरीत संचालित व्यावसायिक गतिविधियों के विरुद्ध टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग का सीलिंग अभियान सोमवार को चौथे दिन भी जारी रहा।
जिला नगर योजनाकार एनफोर्समेंट (डीटीपीई) अमित मधोलिया ने सोमवार को बड़े स्तर पर आर्किटेक्ट के कार्यालयों को निशाने पर लिया। रिहायशी मकानों में बड़े-बड़े कमर्शियल कार्यालय खोलकर व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं।
हैरानी की बात यह है कि कुछ कार्यालयों में 30 से 40 कर्मचारी तक काम कर रहे थे। टीम ने अलग-अलग ब्लाॅकों में कार्रवाई करते हुए कई आर्किटेक्ट और डिजाइनिंग फर्मों के कार्यालय सील कर दिए।
कार्रवाई के दौरान स्टिल्ट पार्किंग, डबल हाइट बेसमेंट और सामान्य बेसमेंट में संचालित कार्यालयों पर विशेष रूप से कार्रवाई की गई। जे-2/5 में बेसमेंट में संचालित मंथन आर्किटेक्ट्स के कार्यालय पर कार्रवाई हुई।
वहीं, जे-2/6 में भूतल पर चल रहे आर्किटेक्ट कार्यालय और बेसमेंट में मोटरमैन कंपनी के व्यावसायिक कार्यालय को सील कर दिया गया। जे-1/8 में बेसमेंट में संचालित कमर्शियल कार्यालय पर भी ताला जड़ा गया।
कई नामी आर्किटेक्ट के कार्यालयों पर कार्रवाई
सीलिंग अभियान के दौरान जेसीएम-7ए में प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय को सील किया गया। एम-7/10 में डबल हाइट बेसमेंट में संचालित स्टूडियो माॅडबाॅक्स (हरजस एवं गुनीत सिंह) के आर्किटेक्ट कार्यालय पर कार्रवाई की गई।
पी-3/44 में बेसमेंट में चल रहे नटशेल आर्किटेक्ट्स के कार्यालय को सील किया गया। वहीं, क्यू-6/1 में आर्किटेक्ट धनंजय लखनपाल के स्टूडियो मैथीमा के बेसमेंट कार्यालय को भी सील कर दिया गया।
वहीं के-3/67ए में एस्रो आर्केड इंडिया (राॅबिन आर्किटेक्ट) का कार्यालय स्टिल्ट और डबल बेसमेंट में संचालित होने पर सील कर दिया गया। इसी प्रकार के-7/34 में फिनआर्क स्टूडियो के भूतल और दूसरी मंजिल पर चल रहे कार्यालयों को सील किया गया।
पी-1/23 में ग्रीनबॉक्स आर्किटेक्ट्स के अमित शर्मा के कार्यालय का भी अभियान के दौरान मामला सामने आया।
इसके अलावा एएनएम-59 में पहले संचालित कार्यालय को संपत्ति मालिक की ओर से स्वयं हटा लिया गया है। जेसीएम-12 में पहले संचालित प्रयोगशाला को भी स्वयं ही बंद कर दिया गया है।
आगे भी जारी रहेगा सीलिंग अभियान
डीएलएफ फेज-दो में आर्किटेक्ट और डिजाइनिंग कंपनियों ने बड़े स्तर पर कार्यालय स्थापित कर रखे थे। इन कार्यालयों में बाकायदा कर्मचारियों की तैनाती, नियमित व्यावसायिक गतिविधियां और कमर्शियल सेटअप संचालित हो रहे थे। कुछ जगहों पर बेसमेंट और स्टिल्ट पार्किंग जैसी जगहों का भी कार्यालय के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था। सीलिंग अभियान आगे भी जारी रखा जाएगा।
-अमित मधोलिया, डीटीपीई, टाउन प्लानिंग
यह भी पढ़ें- ट्रैफिक सुधार से लेकर प्रदुषण नियंत्रण तक, इको और सिटीजन फ्रेंडली बनेगा गुरुग्राम; GMDA का रोडमैप तैयार