ट्रैफिक सुधार से लेकर प्रदुषण नियंत्रण तक, इको और सिटीजन फ्रेंडली बनेगा गुरुग्राम; GMDA का रोडमैप तैयार
गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण के अतिरिक्त सीईओ ने शहर को इको-फ्रेंडली और सिटीजन-फ्रेंडली बनाने की प्राथमिकताएं साझा कीं। योजना 100 ...और पढ़ें
-1794837416936_m.webp)
प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड
HighLights
वायु प्रदूषण नियंत्रण, ट्रैफिक सुधार, जलभराव समाधान प्राथमिकता।
डिजिटल नागरिक सेवाओं का विस्तार, स्वास्थ्य सुविधाओं का विकास।
गुरुग्राम के विकास की योजना 100 वर्षों की जरूरतों हेतु।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। साइबर सिटी गुरुग्राम को इको फ्रेंडली और सिटीजन फ्रेंडली शहर बनाने की दिशा में योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाएगा। वायु प्रदूषण पर नियंत्रण, ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार, बेहतर सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहम्मद इमरान रजा ने पदभार ग्रहण करने के बाद शहर के विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताएं साझा कीं।
प्रदूषण नियंत्रण के लिए उठाए जाएंगे कदम
अतिरिक्त सीईओ ने कहा कि शहर में बढ़ते वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए कदम उठाए जाएंगे। इसके साथ ही ट्रैफिक प्रबंधन को बेहतर बनाने और सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने से जुड़ी परियोजनाओं पर काम किया जाएगा।
इन परियोजनाओं को इसी वर्ष शुरू करने की योजना है, ताकि लोगों को यातायात संबंधी समस्याओं से राहत मिल सके।
जलभराव की समस्या का होगा समाधान
वर्षा के दौरान शहर में होने वाले जलभराव को दूर करना भी प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए ड्रेनेज व्यवस्था को बेहतर बनाने और बुनियादी ढांचे से जुड़ी कमियों को दूर करने पर ध्यान दिया जाएगा।
शहर में विकास कार्य इस तरह किए जाएंगे कि भविष्य में बढ़ती आबादी और जरूरतों के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध रहें।
ऑनलाइन होंगी नागरिक सेवाएं
नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें, इसके लिए डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा दिया जाएगा। जीएमडीए की 38 सेवाएं पहले से ऑनलाइन उपलब्ध हैं। इन सेवाओं को और अधिक से अधिक सुविधाएं डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा।
स्वास्थ्य सुविधाओं का होगा विस्तार
अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहम्मद इमरान रजा ने कहा कि शहर में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में भी काम किया जाएगा। शीतला माता मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का निर्माण इसी दिशा में महत्वपूर्ण परियोजना है।
उन्होंने कहा कि गुरुग्राम के विकास की योजना केवल वर्तमान जरूरतों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि अगले 100 वर्षों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर शहर की प्लानिंग की जाएगी। इसका उद्देश्य गुरुग्राम को बेहतर बुनियादी सुविधाओं वाला, पर्यावरण के अनुकूल और नागरिकों के लिए सुविधाजनक शहर बनाना है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।