जागरूकता रैली निकालकर दिलाई शपथ
जासं ग्रेटर नोएडा विकास भवन सभागार में शनिवार को शासन के महत्वपूर्ण अभियान मिशन शक्ति का आगाज हुआ।
जासं, ग्रेटर नोएडा : विकास भवन सभागार में शनिवार को शासन के महत्वपूर्ण अभियान मिशन शक्ति का आगाज हुआ। सीडीओ अनिल कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रैली का उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान व उन्हें स्वावलंबी बनाना है।
सीडीओ अनिल कुमार सिंह ने बताया कि महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन के लिए शारदीय नवरात्र से विशेष अभियान की शुरुआत की गई है। अभियान के तहत महिलाओं व बालिकाओं को स्वावलंबी बनाना, उन्हें सुरक्षित परिवेश की अनुभूति कराना, महिलाओं में जनजागरूकता पैदा करने के साथ उन्हें आत्मसुरक्षा के लिए प्रशिक्षित करना है। अभियान शारदीय नवरात्र से शुरू होकर चैत्र नवरात्र तक लगातार चलेगा। जनपद स्तर पर नोएडा प्रधिकरण की सीईओ रितु महेश्वरी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों व आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को मिशन शक्ति को सफल बनाने की शपथ भी दिलाई गई।