ग्रेटर नोएडा PNB हेराफेरी: खाताधारकों का हंगामा, बैंक तालाबंदी का प्रयास
ग्रेटर नोएडा के ऐच्छर गांव में पीएनबी की शाखा में 35 करोड़ से अधिक की कथित हेराफेरी को लेकर खाताधारकों ...और पढ़ें

ग्रेटर नोएडा PNB हेराफेरी ( फोटो स्रोत : जागरण )
HighLights
पीएनबी में 35 करोड़ से अधिक की हेराफेरी का मामला।
खाताधारकों ने बैंक परिसर में महापंचायत कर प्रदर्शन किया।
पुलिस ने शनिवार तक रकम वापसी का आश्वासन दिया।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। बीटा दो कोतवाली अंतर्गत ऐच्छर गांव में संचालित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में 35 करोड़ रुपये से अधिक की कथित हेराफेरी के मामले में सोमवार को पीड़ित खाताधारक उग्र हो गए।
खाताधारकों ने अधिवक्ताओं और किसान व मजदूर संगठनों के साथ बैंक परिसर में महापंचायत कर प्रदर्शन किया। गुस्साए लोगों ने बैंक पर तालाबंदी का भी प्रयास किया, इससे पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच नोकझोंक हुई।
पुलिस अधिकारियों ने शनिवार तक सभी पीड़ितों की रकम वापस कराने का भरोसा देकर मामला शांत कराया।
खाताधारकों ने की ये मांग
सोमवार सुबह करीब 11 बजे से बैंक परिसर में महापंचायत शुरू हुई। बड़ी संख्या में जुटे खाताधारकों ने मांग की कि बैंक का कोई जिम्मेदार अधिकारी बाहर आकर रकम वापसी की समय सीमा निर्धारित करके बताए। दोपहर करीब 12:30 बजे किसानों का प्रतिनिधिमंडल बैंक मैनेजर से मिलने गया।
आरोप है कि उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इससे भड़के प्रदर्शनकारियों ने दोपहर एक बजे तक रकम वापस करने का अल्टीमेटम दिया। तय समय तक कोई अधिकारी बाहर नहीं आया तो नाराज खाताधारक बैंक के मुख्य प्रवेश द्वार पर पहुंचे और शटर गिराकर तालाबंदी का प्रयास किया।
किसी तरह पुलिसकर्मियों ने रोक दिया। एडीसीपी ग्रेटर नोएडा संतोष कुमार और बीटा-2 कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया।
एडीसीपी बोले, सीबीआइ कर रही जांच
एडीसीपी संतोष कुमार ने प्रदर्शनकारियों को बताया कि मामले की जांच सीबीआइ कर रही है। बैंक को मामले में अब तक 58 शिकायतें मिली हैं। इनमें से 16 शिकायतों का निस्तारण कर करीब 7.80 करोड़ रुपये खाताधारकों को वापस किए जा चुके हैं। शेष शिकायतों पर कार्रवाई जारी है।
शनिवार तक सभी खाताधारकों की रकम वापस करा दी जाएगी। बताया कि जिन खातों में रकम वापस आई है, उनके खाताधारकों को पैसा निकालने से पहले दोबारा केवाइसी प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
पीड़ितों ने कहा, आश्वासन नहीं, पैसा चाहिए
बैंक प्रबंधन व एडीसीपी के भरोसा दिलाने के बाद भी पीड़ित संतुष्ट नहीं दिखे। अधिवक्ता उमेश भाटी ने कहा कि पीड़ितों को अब सिर्फ आश्वासन नहीं, बल्कि खातों में पूरी रकम चाहिए। किसान संगठनों ने बृहस्पतिवार तक सभी खाताधारकों का पैसा वापस करने की मांग की है।
चेतावनी दी है कि रुपये नहीं मिलने पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। दोपहर करीब 2:15 बजे महापंचायत समाप्त हुई।
यह भी पढ़ें- शादी की पहली सालगिरह से ठीक एक दिन पहले विज्ञानी ने दे दी जान, वीडियो बनाकर बयां किया अपना दर्द
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।