शादी की पहली सालगिरह से ठीक एक दिन पहले विज्ञानी ने दे दी जान, वीडियो बनाकर बयां किया अपना दर्द
मेरठ के मोदीपुरम में शादी की पहली सालगिरह से एक दिन पहले एक विज्ञानी ने पत्नी और ससुराल वालों की ...और पढ़ें

प्रबल गुप्ता। वीडियो ग्रैब
HighLights
विज्ञानी ने शादी की सालगिरह से एक दिन पहले आत्महत्या की।
पत्नी और ससुराल वालों पर प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया।
जागरण संवाददाता, मोदीपुरम (मेरठ)। पत्नी और ससुराल वालों की प्रताड़ना का शिकार हुए विज्ञानी ने परेशान होकर रविवार शाम जहरीला पदार्थ खा लिया, जिनकी सुभारती हास्पिटल में उपचार के दौरान मौत हो गई। विज्ञानी ने जान देने से पहले करीब आठ मिनट का मोबाइल पर अपना वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किया, जिसमें उन्होंने अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष पर उत्पीड़न करने के आरोप लगाए। सोमवार को उनकी शादी की पहली सालगिरह थी। आरोपित घर से फरार हो गए हैं।
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के पटेलपुरी निवासी राजीव गुप्ता कंकरखेड़ा मंडल के उपाध्यक्ष हैं और उनकी मेन बाजार में प्रिंटिंग प्रेस है। भाजपा नेता के इकलौते पुत्र प्रबल गुप्ता की शादी दो नवंबर 2025 को रोहटा रोड निवासी स्नेहा से हुई थी। प्रबल गाजियाबाद की एक कंपनी में विज्ञानी थे, जबकि उससे पूर्व वे भाजपा में कंकरखेड़ा के बूथ संख्या-23 के अध्यक्ष भी रह चुके थे। दंपती की तीन माह की बेटी राधवी गुप्ता है।
इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित आठ मिनट छह सेकेंड के वीडियो में प्रबल ने कहा कि शादी के कुछ समय बाद से ही पत्नी स्नेहा गुप्ता, पत्नी के पिता राजन गुप्ता, साले सार्थक और अनुपम, पत्नी की ताई रीना गुप्ता सहित अन्य रिश्तेदार उनको शादी के बाद से ही प्रताड़ित करने लगे थे। प्रबल की संपत्ति को उनकी पत्नी अपने नाम कराने का दबाव बनाती थी। विरोध पर गाली-गलौज और घर में हंगामा करती थी। वह परिवार से अलग रहने की जिद करती थी। इसी विवाद के चलते प्रबल करीब छह महीने तक पत्नी संग अलग रहने लगे थे, जहां उनकी बेटी का जन्म हुआ था।
वीडियो में प्रबल कह रहे हैं कि बेटी के जन्म के बाद उन्होंने पत्नी से वापस घर चलने को कहा, ताकि परिवार में खुशियां लौट सकें और माता-पिता भी पोती के आने की खुशी मना सकें, लेकिन वह नहीं मानी। प्रबल की मां अपनी बहू और पोती की देखभाल करने पहुंच गईं, जहां उनके साथ भी पत्नी ने मारपीट की। वहां से स्नेहा मायके चली गई। वीडियो में कहा कि 13 सितंबर को वह पत्नी को मायके से अपने घर ले आए, जहां पत्नी का उत्पीड़न जारी रहा।
25 सितंबर को प्रबल का एक्सीडेंट हो गया था। 26 सितंबर को पत्नी ने खाने में कच्ची रोटी दी, जिसके विरोध में हंगामा किया था। फिर वह मायके चली गई। जहां से उसने पुलिस में शिकायत की। पुलिस लाइन के परिवार परामर्श केंद्र में दोनों पक्षों के बीच पहली मीडिएशन की तारीख 31 अक्टूबर थी, जहं पत्नी ने प्रबल और उनके स्वजन पर गंभीर आरोप लगाए। एक नंवबर को प्रबल ने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसके बाद उन्होंने कंकरखेड़ा रेलवे फ्लाईओवर के पास गुरुद्वारे के नजदीक अपना वीडियो बनाकर प्रसारित किया।
आखिरी में प्रबल ने वीडियो में कहा कि सुप्रीम कोर्ट और सरकार से निवेदन है कि पत्नी स्नेहा और उसके मायके वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। बेटी की कस्टडी माता-पिता को दी जाए। जयहिंद-जयभारत। इस प्रकरण में पिता राजीव गुप्ता ने कहा कि वह कंपनी में विज्ञानी थे। उन्होंने आरोपित पत्नी और मायके वालों पर कार्रवाई को तहरीर दी है। उनके पुत्र को इंसाफ मिलना चाहिए। इंसपेक्टर सुमन कुमार सिंह ने बताया कि केस दर्ज हो गया है, आरोपित घर का ताला बंद कर फरार हैं, जल्द गिरफ्तारी होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।