ग्रेटर नोएडा: परी चौक मेट्रो स्टेशन पर एस्केलेटर में फंसा बुजुर्ग का कुर्ता, ऊपर गिरने लगे यात्री; UPSSF जवानों ने बचाई जान
ग्रेटर नोएडा के परी चौक मेट्रो स्टेशन पर एक बुजुर्ग यात्री का कुर्ता एस्केलेटर में फंसने से वे गिर पड़े, ...और पढ़ें
HighLights
बुजुर्ग का कुर्ता एस्केलेटर में फंसने से संतुलन बिगड़ गया।
UPSSF जवानों ने तुरंत एस्केलेटर बंद कर बचाव किया।
त्वरित कार्रवाई से परी चौक मेट्रो पर बड़ा हादसा टला।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के परी चौक मेट्रो स्टेशन पर बुधवार को एक बड़ा हादसा टल गया। एस्केलेटर से उतरते समय एक बुजुर्ग यात्री का कुर्ता फंस गया, जिससे उनका संतुलन बिगड़ गया और वह एस्केलेटर पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे आ रहे अन्य यात्री भी उनके ऊपर गिरने लगे। स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, मौके पर तैनात उत्तर प्रदेश स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स (UPSSF) के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए बुजुर्ग को सुरक्षित सुरक्षित बचा लिया।
बुजुर्ग की पहचान 62 वर्षीय रिछपाल पुत्र मंगते राम के रूप में हुई है। वह गौतमबुद्ध नगर के दादरी थाना क्षेत्र के गांव रामगढ़ के रहने वाले हैं।

क्या हुआ था?
जानकारी के मुताबिक, घटना परी चौक मेट्रो स्टेशन के एस्केलेटर नंबर-02 की है। बुजुर्ग यात्री एस्केलेटर से नीचे उतर रहे थे, तभी उनका कुर्ता मशीन में फंस गया। कुर्ता फंसने के कारण वह असंतुलित होकर गिर पड़े। इस दौरान पीछे से आ रहे यात्रियों को संभलने का मौका नहीं मिला और वे भी उनके ऊपर गिरने लगे। इससे मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए।

घटना के समय सीसीटीवी ड्यूटी पर आरक्षी विकास भाटी और पाली प्रभारी उप निरीक्षक वरुण कुमार तैनात थे। जैसे ही उन्हें घटना की जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत एस्केलेटर को बंद कराया। इसके बाद मशीन को विपरीत दिशा में संचालित कर बुजुर्ग का कुर्ता बाहर निकाला। जवानों की सूझबूझ से बुजुर्ग यात्री रिछपाल को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। UPSSF जवानों की त्वरित कार्रवाई एवं कर्तव्यनिष्ठा से एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
घटना के बाद बुजुर्ग ने UPSSF जवानों की त्वरित कार्रवाई और मदद के लिए उनका आभार जताया।
यह भी पढ़ें- नोएडा-ग्रेटर नोएडा वासियों को केंद्र सरकार का तोहफा, मेट्रो विस्तार के लिए 2390 करोड़ रुपये मंजूर