क्या नोएडा में आपके पास भी है BS-3 पेट्रोल या BS-4 डीजल गाड़ी? ड्राइव करते मिले तो कटेगा 20 हजार का चालान
गौतमबुद्ध नगर यातायात पुलिस ने ग्रेप-3 प्रतिबंधों के तहत बीएस-3 पेट्रोल और बीएस-4 डीजल वाहनों के संचालन पर सख्त कार्रवाई ...और पढ़ें

नोएडा में बीएस-3 पेट्रोल और बीएस-4 श्रेणी में डीजल गाड़ियों पर सख्ती। फोटो: एआई जनरेटेड
जागरण संवाददाता, नोएडा। वायुमंडल में लगातार बढ़ रहे प्रदूषण से ग्रेप-तीन की पाबंदियां लागू हैं। शुक्रवार को यातायात पुलिस ने चिल्ला बॉर्डर, डीएनडी, कासना समेत अन्य जगहों पर पाबंदियों के बावजूद प्रतिबंधित वाहन दौड़ाने पर और भी सख्ती बरतते हुए 230 चालकों के 46 लाख रुपये की राशि के चालान काटने की कार्रवाई की।
ऐसे में यदि आपके पास भी बीएस-3 पेट्रोल और बीएस-4 श्रेणी में डीजल से चलने वाले वाहन हैं तो किसी के बहकावे में या ऑफिस जाने की जल्दबाजी में इन वाहनों में सवार होकर सड़क पर न जाएं।
वरना यातायात पुलिस आपका 20 हजार का चालान काट देगी। डीसीपी यातायात सैय्यद अली अब्बास ने लगातार लापरवाही बरत रहे चालकों को उनके वाहन सीज करने की चेतावनी दी है।
उनका कहना है कि ग्रेप-तीन के तहत दिल्ली-एनसीआर में बीएस-3 पेट्रोल और बीएस-4 डीजल वाले वाहनों का संचालन प्रतिबंधित है।
तीन दिन में इतने वाहनों के कटे चालान
तिथि | वाहन संख्या | जुर्माना राशि |
|---|---|---|
11 नवंबर | 113 | 22.60 लाख रुपये |
12 नवंबर | 229 | 45.80 लाख रुपये |
13 नवंबर | 230 | 46.00 लाख रुपये |
इन वाहनों पर है प्रतिबंध
बीएस-3 पेट्रोल वाले वाहन - कार, स्कूटी-स्कूटर, बाइक, जीप और अन्य वाहन (जो अप्रैल 2010 से 31 मार्च 2017 के बीच निर्मित या पंजीकृत किए गए वाहन)।
बीएस-4 डीजल के वाहन - कार (जो डीडीआईएस डीजल इंजन के साथ आती थीं यानी अप्रैल 2017 से मार्च 2020 के बीच निर्मित वाहन), ट्रक, बस, छोटे मालवाहक वाहन (व्यावसायिक वाहन जो 2017 से पहले और 2020 के बीच बनाए गए थे)।
जनपद में पंजीकृत प्रतिबंधित वाहन
बीएस-3 पेट्रोल - करीब 51 हजार (कार, दोपहिया वाहन व छोटे कमर्शियल वाहन)
बीएस-4 डीजल - करीब एक लाख (कार, मालवाहक वाहन, ट्रक, बस व कमर्शियल वाहन)
इन वाहनों पर है राहत
बीएस-4 पेट्रोल वाले वाहनों के अलावा बीएस-6, इलेक्ट्रिक और सीएनजी वाहन दिल्ली व गौतमबुद्ध नगर की सीमा में चल सकते हैं। इनके अलावा एंबुलेंस, दमकल गाड़ी और अन्य इमरजेंसी वाहनों पर राहत दी गई है।